यूपी में 16 IAS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के DM बदले; देखें पूरी लिस्ट

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश सरकार ने 16 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है।
- के. विजयेन्द्र पांडियन को वाराणसी और एस. राजलिंगम को कानपुर का मंडलायुक्त बनाया गया है।
- रविकुमार एनजी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत दो मंडलायुक्तों के बीच अदला-बदली की गई है, जबकि कई जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा औद्योगिक विकास, नगर विकास समेत अन्य अहम विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
के. विजयेन्द्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त के पद से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम अब कानपुर मंडल की जिम्मेदारी संभालेंगे।

रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पदों से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी भी दी गई है। डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर नियुक्त किया गया है।
इन जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात
भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार का तबादला चंदौली कर दिया गया है। उन्हें वहां का नया डीएम बनाया गया है। वहीं, अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) के पद पर तैनात अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास बनाया गया है।
स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। जौनपुर के डीएम सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है।
विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार नियुक्त किया गया है।
शामली के डीएम भी बदले
शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स के पद पर भेजा गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
सौम्या अग्रवाल को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को कई संस्थानों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.