मुजफ्फरनगर में पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे में पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लग गई।
- घटना चौधरी चरण सिंह चौक के पास हुई, जो कस्बे का व्यस्ततम इलाका है।
- बिजली के तार टूटकर ट्रॉली में भरी पराली पर गिर गए।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे के व्यस्त चौधरी चरण सिंह चौक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली के तार टूटकर पराली से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर गए। तारों से निकली चिंगारी के कारण ट्रॉली में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी ट्रॉली आग की लपटों से घिर गई।
इस दौरान ट्रैक्टर चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उसने जलती हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को भीड़भाड़ वाले बाजार से बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
ट्रैक्टर चालक गौरव ने बताया कि वह जौला गांव से ट्रॉली में पराली भरकर भनवाड़ा जा रहा था। इसी दौरान जब वह बुढ़ाना के चौधरी चरण सिंह चौक पर पहुंचा, तो ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार अचानक टूटकर पराली पर गिर गए। सूखी पराली होने के कारण उसमें तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं।
ट्रॉली के पीछे से आग की ऊंची लपटें उठती देखकर गौरव ने घबराने के बजाय तुरंत ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी। वह जलती हुई ट्रॉली को बाजार और रिहायशी इलाके से बाहर निकालकर कस्बे के बाहर हिंडन नदी पुल के पास ले गया। वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर उसने अपनी जान बचाई।
दमकल की दो गाड़ियों ने बुझाई आग
जलती हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाजार से बाहर जाते देखकर पुलिस भी उसके पीछे मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलने पर कस्बा इंचार्ज ललित कसाना पुलिस टीम के साथ हिंडन नदी पुल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चालक के साहस की कस्बे में हो रही सराहना
आग बुझाने के दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया। इस घटना में ट्रॉली में भरी पूरी पराली जलकर राख हो गई। इससे हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
अगर गौरव समय रहते जलती हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाजार से बाहर नहीं ले जाता, तो चौक पर मौजूद दुकानों और राहगीरों को भारी नुकसान पहुंच सकता था। चालक की सूझबूझ और साहसिक कदम की कस्बे में जमकर सराहना हो रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.