अखिलेश यादव और राहुल की दिल्ली में होने वाली बड़ी बैठक अचानक टली

HIGHLIGHTS
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बैठक टली।
- अखिलेश यादव और राहुल गांधी की प्रस्तावित बैठक अब 3-4 दिन बाद होगी।
- कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 181 विधानसभा सीटों पर दावा किया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे पर होने वाली महत्वपूर्ण बैठक फिलहाल टल गई है। मंगलवार को दिल्ली में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और राहुल गांधी की मुलाकात प्रस्तावित थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सीटों के तालमेल को लेकर चर्चा होनी थी, लेकिन अब इस बैठक को तीन से चार दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।
अखिलेश यादव सोमवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। बैठक स्थगित होने के पीछे दोनों पार्टियों के बीच सीटों को लेकर चल रही रणनीतिक तैयारियों को अहम वजह माना जा रहा है। इससे पहले सोमवार को कांग्रेस ने दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई बैठक के बाद उत्तर प्रदेश की 181 विधानसभा सीटों पर अपना दावा जताया था।
कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को भी किया तेज
वहीं, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। सोमवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश की राजनीतिक रणनीति को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अब तक हुई चुनावी तैयारियों, चुनाव संचालन और प्रदेश कार्यकारिणी के गठन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि नवंबर के अंत तक सभी कमेटियों की घोषणा कर दी जाएगी, जिससे दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में चुनावी सभाओं का आयोजन शुरू किया जा सके।
इन चुनावी सभाओं में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस संगठन को चुनावी तैयारियां शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.