ओडिशा में नाटक मंचन के दौरान हिंसा, 16 लोग घायल

ओडिशा के भुवनेश्वर के पास बरहमपुर शहर के बाहरी इलाके में स्थित गोलंथरा थाना क्षेत्र के मार्कंडी गांव में आयोजित ठाकुराणी यात्रा के दौरान महाभारत नाटक का मंचन अचानक हिंसा में बदल गया। दो नाट्य दलों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामपल्ली और गोविंदपुर गांव की दो नाट्य मंडलियां कार्यक्रम के दौरान महाभारत का मंचन कर रही थीं। इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई। देखते ही देखते मौके पर ईंट-पत्थर, कांच की बोतलें और अन्य वस्तुएं फेंकी जाने लगीं।
आरोप है कि झड़प के दौरान एक पक्ष की ओर से बम जैसी वस्तुएं फेंकी गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। इस घटना में करीब 16 लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की व गाली-गलौज की गई। कुछ लोगों ने पुलिस को जान से मारने की धमकी भी दी।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया और सभी घायलों को बरहमपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
10 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से जुड़े कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें राकेश कुमार स्वाईं, गुंडिचा स्वाईं, भागीरथी स्वाईं, दिवान कुमार स्वाईं, वृंदावन स्वाईं, निर्मल प्रधान, मानन स्वाईं, काह्नू प्रधान और पिंटू पात्र समेत अन्य शामिल हैं।
जांच जारी, वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मौके से बम के अवशेष भी बरामद किए हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.