2026 Skoda Slavia Facelift: जानिए डिजाइन, फीचर्स और इंजन में क्या हुआ बदलाव!

HIGHLIGHTS
- नए मॉडल में 10.1-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन और 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले
- फ्रंट सीट्स के साथ अब वेंटिलेशन और रियर सीटों पर मसाजिंग फंक्शन
- 0-लीटर TSI के साथ नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक टॉर्क कनवर्टर
कॉम्पैक्ट और मिड-साइज SUV की बढ़ती लोकप्रियता के बीच Skoda ने सेडान सेगमेंट पर अपना भरोसा कायम रखा है। हाल ही में पेश की गई Slavia फेसलिफ्ट इसका उदाहरण है। अपडेटेड मॉडल में नया बंपर, संशोधित LED हेडलैंप्स, नए अलॉय व्हील्स और कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं, जबकि इंटीरियर का डिजाइन काफी हद तक पहले जैसा ही रखा गया है। फेसलिफ्ट होने के कारण मौजूदा मॉडल और नए मॉडल में कई बदलाव देखने को मिलते हैं।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: डिजाइन
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट में कंपनी की नई डिजाइन लैंग्वेज दिखाई देती है, जिससे कार पहले के मुकाबले ज्यादा शार्प और मॉडर्न नजर आती है। सबसे बड़ा बदलाव फ्रंट हिस्से में किया गया है। यहां LED DRLs को ग्रिल के साथ इंटीग्रेट किया गया है, जिससे कार को ज्यादा चौड़ा और प्रीमियम स्टांस मिलता है।
इसके अलावा, नई कार में स्लीक डिजाइन वाले LED प्रोजेक्टर हेडलैंप्स दिए गए हैं, जो रात में बेहतर विजिबिलिटी देते हैं। फ्रंट बंपर को भी नए सिरे से डिजाइन किया गया है। इसमें LED फॉग लैंप्स और लोअर एयर डैम पर नया टेक्सचर्ड फिनिश दिया गया है। यह डिजाइन पुराने मॉडल के साधारण डिजाइन से अलग है।
बोनट पर दी गई शार्प क्रीज लाइन सीधे ग्रिल तक जाती है। ग्रिल में वर्टिकल स्लैट्स और बीच में Skoda का लोगो पहले की तरह मौजूद है।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: साइड प्रोफाइल
साइड से देखने पर Slavia फेसलिफ्ट का बॉडी लाइन और सिल्हूट मौजूदा मॉडल जैसा ही है। इसमें पहले की तरह क्रोम विंडो लाइन रियर क्वार्टर ग्लास तक जाती है। बॉडी-कलर्ड डोर हैंडल्स और LED टर्न इंडिकेटर वाले ORVMs भी पुराने मॉडल की तरह ही हैं।
हालांकि, साइड प्रोफाइल में सबसे बड़ा बदलाव नए 16-इंच ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स हैं। इनका डिजाइन पुराने मॉडल की तुलना में ज्यादा स्टाइलिश और डायनामिक है, जिससे कार को फ्रेश और स्पोर्टी लुक मिलता है।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: रियर डिजाइन
रियर हिस्से में किए गए बदलाव काफी मामूली हैं और पहली नजर में आसानी से नजर नहीं आते। नई फेसलिफ्ट में ‘Skoda’ ब्रांडिंग को LED टेललैंप्स के साथ रखा गया है, जबकि पुराने मॉडल में यह ब्रांडिंग टेललैंप्स से कुछ ऊपर थी।
इसके अलावा, स्प्लिट LED टेललैंप्स, रियर पार्किंग सेंसर्स और टेक्सचर्ड फिनिश वाला रियर बंपर पहले की तरह ही हैं। यह बंपर कार को पीछे से स्पोर्टी लुक देता है।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: कलर ऑप्शन
Slavia फेसलिफ्ट में कुल 10 शेड्स उपलब्ध हैं। इनमें नए आर्कटिक सिल्वर और कैपुचीनो भी शामिल हैं। वहीं, पुरानी Slavia में 6 कलर ऑप्शन मिलते थे।
नए मॉडल में नए शेड्स जोड़े गए हैं, जबकि पुराने मॉडल में डुअल-टोन कलर का विकल्प उपलब्ध था, जो नई कार में फिलहाल नहीं है। पुरानी Slavia में हाल ही में शिमला ग्रीन कलर भी शामिल किया गया था, जबकि आर्कटिक सिल्वर के साथ फेसलिफ्ट मॉडल ज्यादा प्रीमियम नजर आता है।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: केबिन
Slavia फेसलिफ्ट के केबिन में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किए गए हैं। इसमें पहले की तरह टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, ड्यूल-टोन ब्लैक और बेज इंटीरियर थीम और डैशबोर्ड के बीच फ्लोटिंग इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन सिस्टम दिया गया है।
ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल यूनिट को ग्लॉस-ब्लैक फिनिश मिलता है, जबकि डैशबोर्ड पैनल पर डायमंड पैटर्न दिया गया है। सीटों पर लेदरेट अपहोल्स्ट्री का इस्तेमाल किया गया है, जिससे केबिन को प्रीमियम फील मिलता है।
हालांकि, इंटीरियर डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं करने की वजह से यह अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम बनाने का एक मौका गंवाती हुई नजर आती है।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: फीचर्स
फीचर्स के मामले में Slavia फेसलिफ्ट में काफी बड़ा अपडेट किया गया है। इसमें कई नए और उपयोगी फीचर्स जोड़े गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव 10.1-इंच के इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन सिस्टम का है, जो Google Cloud पावर्ड AI असिस्टेंट के साथ आता है।
इसके अलावा, कार में वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, वायरलेस फोन चार्जर और 10.25-इंच का फुल डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है।
कंफर्ट फीचर्स में पावर-एडजस्टेबल और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, टच-कंट्रोल्ड ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और सिंगल-पेन सनरूफ शामिल हैं। रियर सीटों के लिए मसाजिंग फंक्शन इसका सबसे खास फीचर है, जो इस सेगमेंट में पहली बार देखने को मिल रहा है।
वहीं, पुरानी Slavia में 10.1-इंच का टचस्क्रीन पुराने UI के साथ मिलता था और उसमें वायरलेस कनेक्टिविटी भी थी। पावर्ड फ्रंट सीट्स और सनरूफ जैसे फीचर्स भी मौजूद थे, लेकिन वेंटिलेशन और मसाज फंक्शन जैसे फीचर्स नहीं मिलते थे।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: सेफ्टी फीचर्स
Skoda की कारों में सेफ्टी को प्राथमिकता दी जाती है और Slavia भी इस सेगमेंट की सुरक्षित कारों में शामिल है। इसे ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली हुई है।
पुराने मॉडल की तुलना में नई Slavia में 360-डिग्री कैमरा और फ्रंट पार्किंग सेंसर्स जोड़े गए हैं। इससे तंग जगहों में पार्किंग करना आसान और सुरक्षित हो जाता है।
इसके अलावा, कार में पहले की तरह 6 एयरबैग, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल होल्ड असिस्ट (HHA), हिल स्टार्ट असिस्ट (HSA), चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक और बच्चों की सुरक्षा के लिए ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स मिलते हैं।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: पावरट्रेन
Slavia फेसलिफ्ट के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले की तरह दो टर्बो-पेट्रोल (TSI) इंजन विकल्प मिलते हैं। इनमें 1.0-लीटर TSI और 1.5-लीटर TSI इंजन शामिल हैं।
हालांकि, ट्रांसमिशन में बड़ा बदलाव किया गया है। 1.0-लीटर TSI इंजन के साथ अब नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक टॉर्क कनवर्टर गियरबॉक्स दिया गया है। यह पुराने 6-स्पीड टॉर्क कनवर्टर की जगह लेता है और इससे गियर शिफ्ट पहले के मुकाबले ज्यादा स्मूद और तेज होने की उम्मीद है।
वहीं, ज्यादा परफॉर्मेंस चाहने वाले ग्राहकों के लिए 1.5-लीटर TSI इंजन उपलब्ध है, जो 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स के साथ आता है।
2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट: कीमत और मुकाबला
Skoda ने अभी Slavia फेसलिफ्ट की कीमतों की घोषणा नहीं की है। हालांकि, उम्मीद है कि इसकी कीमत पुराने मॉडल के मुकाबले करीब 25,000 रुपये से 50,000 रुपये तक ज्यादा हो सकती है।
Skoda Slavia फेसलिफ्ट का मुकाबला Hyundai Verna, Honda City और Volkswagen Virtus से रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.