SIR अभियान में चार दिनों में आठ लाख नए मतदाताओं ने भरे Form-6, 20 राज्यों में चल रहा अभियान

HIGHLIGHTS
- 20 राज्यों में एक महीने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
- अभियान के लिए करीब पांच लाख बूथ लेवल अधिकारियों को लगाया गया है।
- चार दिनों में करीब आठ लाख फार्म-6 भरे गए हैं।
नई दिल्ली। एसआइआर में छूटे पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए 20 राज्यों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के शुरुआती चार दिनों में ही करीब आठ लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरे गए हैं।
इनमें बड़ी संख्या उन लोगों की है, जिन्होंने 18 वर्ष की उम्र पूरी कर पहली बार मतदान के लिए पात्रता हासिल की है। एसआइआर के दौरान इनके नाम इसलिए शामिल नहीं हो पाए थे, क्योंकि उस समय इनकी उम्र पूरी नहीं हुई थी या फिर इन्होंने आवेदन नहीं किया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इनमें कितने ऐसे लोग हैं, जिनके नाम एसआइआर के दौरान मतदाता सूची से हटा दिए गए थे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, एसआइआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों की पड़ताल करने और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए सभी 20 राज्यों में एक महीने का विशेष अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान के लिए करीब पांच लाख बूथ लेवल अधिकारियों को लगाया गया है।
बीएलओ को दिया गया 20 से 25 लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य
अभियान के तहत सभी बूथ लेवल अधिकारियों को हर सप्ताह एसआइआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों में से कम से कम 20 से 25 लोगों तक दोबारा पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही नए पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने का लग रहा आरोप
गौरतलब है कि एसआइआर के दौरान करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के आरोपों के बीच चुनाव आयोग ने एक अक्टूबर को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
हालांकि, इन आंकड़ों में करीब तीन करोड़ मृत, छह करोड़ स्थायी रूप से स्थानांतरित, तीन करोड़ अनुपस्थित या नहीं मिले और एक करोड़ डुप्लीकेट मतदाता पाए गए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.