अभिजीत दीपके ने अजिंक्य शिंदे को सौंपी CJP आंदोलन की जिम्मेदारी, वीडियो जारी कर किया ऐलान

HIGHLIGHTS
- दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही CJP के तीन नेताओं को हिरासत में लिया गया।
- पार्टी ने शनिवार को अभिजीत दीपके का पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो जारी किया।
- संगठन के प्रभारी अजिंक्य शिंदे जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में प्रस्तावित 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रदर्शन से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद आंदोलन का नेतृत्व कौन करेगा, इस सवाल के बीच अभिजीत दीपके ने प्री-रिकॉर्डेड वीडियो जारी कर इसकी घोषणा की।
अजिंक्य शिंदे करेंगे CJP प्रदर्शन का नेतृत्व
गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए अभिजीत दीपके ने शुक्रवार रात ही एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। पार्टी ने शनिवार को यह वीडियो जारी किया। इसमें घोषणा की गई कि अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका के हिरासत में रहने तक संगठन के प्रभारी अजिंक्य शिंदे जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की कमान संभालेंगे।
पीएम मोदी और अमित शाह पर लगाए आरोप
वीडियो में अभिजीत दीपके ने कहा था कि वह विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे हैं और गिरफ्तारी का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि सरकार सुरक्षा प्रतिबंधों के जरिए लोगों को आंदोलन में शामिल होने से रोकने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत कम से कम 1,500 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
इसके अलावा, शनिवार सुबह 6 बजे से ही शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू कर दिए गए। जंतर-मंतर और आसपास के प्रमुख चौराहों पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। यहां आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.