'अपना नजरिया है तो खुद फिल्म बनाइए', रामायण फिल्म पर याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' के खिलाफ याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार किया।
- याचिका में फिल्म के जरिए पौराणिक तथ्यों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है।
- याचिकाकर्ता के वकील ने बताया कि याचिका 23 नवंबर को दाखिल की गई थी।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' की रिलीज को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि फिल्म में महाकाव्य के चित्रण से असहमत लोग अपना अलग नजरिया सामने रखने के लिए खुद की फिल्म बना सकते हैं।
तत्काल सुनवाई की जरूरत पर कोर्ट ने उठाए सवाल
चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने याचिका पर जल्द सुनवाई किए जाने की आवश्यकता पर सवाल उठाए। बेंच ने कहा कि फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे इसे देख चुके हैं।
याचिकाकर्ता के वकील ने पीठ को बताया कि याचिका 23 नवंबर को दाखिल की गई थी, लेकिन अब तक इसे सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं किया गया है। इस पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है और जिन्हें इसे देखना था, वे देख चुके हैं।
'कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए'
याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म निर्माताओं ने रामायण के चित्रण में कई पौराणिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की है।
सुनवाई के दौरान वकील ने दलील दी कि फिल्म में कई तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इस पर जस्टिस बागची ने कहा कि निर्माताओं ने अपनी समझ के मुताबिक फिल्म बनाई है, इसलिए आप भी अपनी समझ के अनुसार फिल्म बना लीजिए। कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए।
चीफ जस्टिस ने भी इस बात से सहमति जताते हुए कहा कि यदि महाकाव्य को लेकर आपका कोई अलग विचार या नजरिया है, तो आप उस पर फिल्म बना सकते हैं। कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए।
वकील की ओर से जल्द सुनवाई के लिए बार-बार आग्रह किए जाने पर पीठ ने स्पष्ट किया कि इस मामले को सामान्य प्रक्रिया के तहत तय समय पर ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.