सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जला कार्तिगई दीपम, श्रद्धालुओं ने मनाया जश्न

HIGHLIGHTS
- हिंदू श्रद्धालुओं का दावा है कि विवादित पत्थर का स्तंभ पारंपरिक दीपथून है।
- सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को एक बार के लिए दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी।
- 24 नवंबर को विवादित स्तंभ के बजाय दूसरी जगह दीप जलाया गया था।
मदुरै। तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित किया गया। दीप जलते ही श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। इस दौरान कई श्रद्धालु भावुक नजर आए और अपनी खुशी जाहिर की। इस पवित्र दीप को जलाने के लिए 30 किलो घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और पांच किलो कपूर का इस्तेमाल किया गया।
दीप जलाने को लेकर मंदिर और दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद बना हुआ था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आखिरकार यह पारंपरिक रस्म पूरी की गई।
दो सेवानिवृत्त जजों को सौंपी गई थी मंदिर की जिम्मेदारी
कार्तिगई दीपम के आयोजन के लिए हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन को मंदिर का रिसीवर नियुक्त किया गया था। दोनों न्यायाधीशों को मंदिर का प्रशासन अपने हाथों में लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
हालांकि, अब दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु भी मौके पर पहुंचे थे।
क्या है विवाद की वजह?
मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद की मुख्य वजह दीप प्रज्वलित करने की जगह और उस जमीन पर अधिकार को लेकर है। इस पहाड़ी पर अरुलमिगु सुब्रमणियस्वामी मंदिर के साथ सिकंदर बदुशा दरगाह भी मौजूद है। पहाड़ी के कुछ हिस्सों के स्वामित्व और इस्तेमाल को लेकर मंदिर तथा दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।
इस मामले में वर्ष 1920 में मुकदमा दायर किया गया था। वर्ष 1923 में अदालत ने पहाड़ी के ज्यादातर हिस्से को मंदिर की संपत्ति माना था, जबकि दरगाह के आसपास के कुछ हिस्सों को मुस्लिम पक्ष का बताया था।
वर्तमान विवाद पहाड़ी की चोटी के पास मौजूद एक पत्थर के स्तंभ को लेकर है। हिंदू श्रद्धालुओं का दावा था कि यह दीपथून यानी दीप जलाने का पारंपरिक स्तंभ है और यहां कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी जानी चाहिए। यह स्तंभ दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। वहीं, दरगाह से जुड़े पक्षों ने इस स्थान पर अधिकार और वहां तक पहुंचने के रास्ते को लेकर सवाल उठाए हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या दिया था आदेश?
विवाद अदालत पहुंचने के बाद सबसे पहले मद्रास हाईकोर्ट ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। तमिलनाडु सरकार और अन्य पक्षों ने इस फैसले को चुनौती दी, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को एक बार के लिए दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। साथ ही 24 नवंबर को आयोजन कराने का निर्देश दिया था। हालांकि, उस दिन विवादित स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया और इसके बजाय पहले से इस्तेमाल की जा रही दूसरी जगह पर दीप प्रज्वलित किया गया।
इस पर सुप्रीम कोर्ट ने आदेश की जानबूझकर अवहेलना किए जाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद 27 नवंबर को अदालत ने 28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया। साथ ही मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर दिया और प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने के लिए हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को रिसीवर नियुक्त किया। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को भी सौंपी गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.