दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

HIGHLIGHTS
- धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजा गया है।
- ईमेल में मादवारा स्थित NICE रोड ग्राउंड पर IED ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है।
- ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा भी लिखा गया है।
बेंगलुरु। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिली है। यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजा गया है। ईमेल में कार्यक्रम स्थल पर आईईडी विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ईमेल की सत्यता की जांच करने के साथ ही इसे भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' के नारे के साथ मादवारा स्थित NICE रोड ग्राउंड में बम हमले की चेतावनी दी गई है। इसी मैदान में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित होना है। ईमेल भेजने वाले ने कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों को भी कुछ हिदायतें दी हैं। इसमें बच्चों को साथ नहीं लाने, आईफोन पर आने वाली कॉल रिसीव नहीं करने और मेट्रो से यात्रा नहीं करने की बात कही गई है।
अहमदाबाद कॉन्सर्ट में चोरी के लिए दिल्ली से पहुंचे थे आरोपी
बेंगलुरु में कॉन्सर्ट को मिली धमकी ऐसे समय सामने आई है, जब अहमदाबाद पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के पिछले शो में महंगे मोबाइल फोन चोरी करने वाले दिल्ली के गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित कॉन्सर्ट के दौरान चोरी करने के इरादे से अहमदाबाद पहुंचे थे। लोकल क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के पास से 4.3 लाख रुपये कीमत के चोरी के 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस को शक है कि दोनों चोरी की छह अन्य घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं।
महंगे टिकट खरीदकर प्रीमियम दर्शकों को बनाया निशाना
आरोपियों ने प्रीमियम सेक्शन में पहुंचने के लिए 'गोल्ड' कैटेगरी के महंगे टिकट खरीदे थे। उन्हें उम्मीद थी कि इस सेक्शन में आने वाले दर्शकों के पास महंगे और हाई-एंड स्मार्टफोन होंगे।
कॉन्सर्ट के दौरान स्टेडियम के कंट्रोल रूम में कई लोगों ने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और स्टेडियम के एग्जिट गेटों पर जवान तैनात कर दिए।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे संदिग्धों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी मोहम्मद गुलज़ार और अशरफ हुसैन इदरीसी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे प्रीमियम कैटेगरी में आने वाले दर्शकों के महंगे मोबाइल फोन चुराने के मकसद से दिल्ली से अहमदाबाद आए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.