मुरादाबाद: आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति नहीं बढ़ी, जल्द होगी नए मंडलायुक्त की तैनाती

HIGHLIGHTS
- मुरादाबाद में जल्द नए मंडलायुक्त की तैनाती होगी। आंजनेय कुमार सिंह की यूपी में प्रतिनियुक्ति अवधि नहीं बढ़ाई गई है।
- आंजनेय कुमार सिंह का सिक्किम काडर लौटना तय है। उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि 14 अगस्त को समाप्त हो गई थी।
- आंजनेय ने बताया कि साढ़े पांच साल के कमिश्नर कार्यकाल में उन्होंने 9 हजार से अधिक केसों का निस्तारण किया।
मुरादाबाद में जल्द ही नए मंडलायुक्त की तैनाती की जाएगी। यहां तैनात रहे सिक्किम काडर के आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति की अवधि नहीं बढ़ाई गई है। पहले माना जा रहा था कि उन्हें यूपी में काम करने के लिए एक और मौका दिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, उच्च स्तर से इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली, जिसके चलते उनका अपने मूल काडर सिक्किम लौटना तय है।
आंजनेय 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्हें 15 फरवरी 2015 को यूपी में प्रतिनियुक्ति पर तैनाती मिली थी। इसके बाद उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि लगातार बढ़ती रही। उनकी प्रतिनियुक्ति इसी माह 14 अगस्त को समाप्त हो गई। इसके बाद वह लंबी छुट्टी पर चले गए। पहले माना जा रहा था कि विधानसभा चुनाव के चलते उन्हें एक और विस्तार मिल सकता है, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई।
सूत्रों का कहना है कि आंजनेय ने मुरादाबाद मंडलायुक्त के पद पर रहते हुए रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को गिराए जाने के रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इसे लेकर भी नाराजगी बताई जा रही थी। हालांकि, मो. आजम खां के खिलाफ कार्रवाई उनके रामपुर के डीएम और मुरादाबाद के मंडलायुक्त रहते हुए हुई।
मैंने कमिश्नर के रूप में सर्वाधिक केस निपटाए : आंजनेय
आंजनेय ने अमर उजाला को बताया कि उन्होंने साढ़े पांच साल के कमिश्नर के कार्यकाल में 9 हजार से अधिक केस निपटाए। इस वर्ष जून में अवकाश रहने के बावजूद 250 केस और जुलाई में 380 केसों का निस्तारण किया। उन्होंने बताया कि दो साल के कूलिंग-ऑफ पीरियड के तहत अपने राज्य की सेवा में रहने का नियम है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.