पाकिस्तान का F-16 गिराने वाले अभिनंदन वर्धमान की नई पारी, FLY91 में बने पायलट

HIGHLIGHTS
- अभिनंदन वर्धमान अगस्त में FLY91 से जुड़े हैं।
- वह एयरलाइन में पायलट के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
- FLY91 के प्रवक्ता ने कर्मचारियों की निजी जानकारी का हवाला देकर पुष्टि से इनकार किया है।
- अभिनंदन 2019 के भारत-पाकिस्तान हवाई संघर्ष के बाद चर्चा में आए थे।
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान ने विमानन क्षेत्र में नई पारी शुरू की है। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 में पायलट के तौर पर ज्वाइन किया है। सूत्रों ने बताया कि अभिनंदन अगस्त में एयरलाइन से जुड़े। हालांकि, FLY91 के प्रवक्ता ने कर्मचारियों की निजी जानकारी का हवाला देते हुए इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
अभिनंदन वर्धमान 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान दुश्मन के एक विमान को मार गिराने के बाद चर्चा में आए थे। इसके बाद उन्हें पाकिस्तान में तीन दिन तक हिरासत में रखा गया था। हवाई मुकाबले के दौरान असाधारण कर्तव्यनिष्ठा दिखाने के लिए उन्हें 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। वीर चक्र भारत के तीसरे सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कारों में शामिल है। पुरस्कार के प्रशस्ति पत्र में उनके कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण और साहस की सराहना की गई थी।
FLY91 के पास कितने विमान हैं?
गोवा स्थित FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं। एयरलाइन के पास फिलहाल छह ATR 72-600 विमान हैं। कंपनी के दो प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में हैं। अभिनंदन के FLY91 से जुड़ने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब भारतीय विमानन क्षेत्र में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है।
अभिनंदन ने पाक के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था
दरअसल, वायुसेना ने 26-27 फरवरी की रात पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। भारतीय सेना के हमले में 300 से ज्यादा आतंकियों की मौत हो गई थी। इसके बाद अगले दिन पाकिस्तान की वायुसेना ने भारत में घुसने की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायुसेना ने उसे खदेड़ दिया।
उसी दौरान तत्कालीन विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान मिग-21 उड़ा रहे थे। उन्होंने इस दौरान पाकिस्तान के F-16 को मार गिराया था। हालांकि, बाद में अभिनंदन का विमान पाकिस्तान की सीमा में क्रैश हो गया, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया था। भारत के दबाव में पाकिस्तान ने करीब 60 घंटे बाद अभिनंदन को छोड़ा था। उनके वापस लौटने के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.