IPL के संस्थापक ललित मोदी को मिली ब्रिटेन की नागरिकता, सोशल मीडिया पर दी जानकारी

HIGHLIGHTS
- IPL के संस्थापक ललित मोदी को ब्रिटेन की नागरिकता मिल गई है।
- ललित मोदी ने बताया कि उन्हें 15 सितंबर 2026 को आधिकारिक रूप से ब्रिटिश नागरिकता मिली।
- 14 नवंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन को संबोधित करते हुए उन्होंने इस निजी पड़ाव की जानकारी साझा की।
लंदन। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी को ब्रिटेन की नागरिकता मिल गई है। भगोड़े ललित मोदी ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें 15 सितंबर 2026 को आधिकारिक रूप से ब्रिटिश नागरिकता मिली थी।
नागरिकता मिलने के बाद ललित मोदी ने ब्रिटेन से कुछ तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम (UK) को अपना घर बताते हुए वहां का नागरिक बनने पर खुशी जाहिर की।
ललित मोदी को मिली ब्रिटेन की नागरिकता
ललित मोदी ने शनिवार, 14 नवंबर को ब्रिटिश नागरिकता मिलने की जानकारी सार्वजनिक की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, 'एक गर्व का पल। एक नया अध्याय।'
उन्होंने आगे बताया, 'आज, 14 नवंबर 2026 को, मुझे ऑक्सफोर्ड यूनियन को संबोधित करने का सौभाग्य मिला, जहां मैंने सबके सामने अपने जीवन के एक बहुत ही खास और व्यक्तिगत पड़ाव के बारे में बताया।'
15 सितंबर को बने ब्रिटिश नागरिक
ललित मोदी की पोस्ट से पता चलता है कि उन्होंने नागरिकता समारोह की दो महीने पुरानी तस्वीरें साझा की हैं। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'मुझे ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है। 15 सितंबर 2026 को, अपने परिवार और दोस्तों के बीच, मैंने अपनी ब्रिटिश नागरिकता का जश्न मनाया। यह समारोह हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहेगा।'
ललित मोदी ने आगे लिखा, 'यूनाइटेड किंगडम कई सालों से मेरा घर रहा है। यह एक ऐसा देश है जिसका मैं बहुत सम्मान करता हूं और जिसे दिल से पसंद करता हूं। यहां के लोग, संस्थाएं, परंपराएं और मूल्य।'
'ब्रिटेन का नागरिक बनने पर गर्व'
IPL के संस्थापक ने ब्रिटिश नागरिकता मिलने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, 'ब्रिटिश नागरिक बनना एक सौभाग्य और एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे मैं गर्व, कृतज्ञता और अपनेपन की सच्ची भावना के साथ अपनाता हूं।'
उन्होंने कहा, 'मेरे जीवन का सफर अलग-अलग संस्कृतियों और अनुभवों से मिलकर बना है और मैं उस देश में सकारात्मक योगदान देना जारी रखने के लिए उत्सुक हूं, जिसे मैं गर्व से अपना घर कहता हूं।'
ललित मोदी ने अपने परिवार, दोस्तों और इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने लिखा, 'मेरे परिवार, दोस्तों और इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद। साथ ही, इस खबर को साझा करने के लिए इतना यादगार अवसर देने के लिए ऑक्सफोर्ड यूनियन का भी शुक्रिया।'
14 नवंबर को ही यह जानकारी साझा करने की वजह बताते हुए ललित मोदी ने लिखा, 'एक नया अध्याय, जिसमें आगे देखने के लिए बहुत कुछ है और महामहिम किंग चार्ल्स तृतीय के जन्मदिन पर, इस पल को साझा करना इसे और भी खास बनाता है। ईश्वर राजा की रक्षा करे!'



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.