टेकऑफ से ठीक पहले Air India फ्लाइट में मचा हड़कंप, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया विमान

HIGHLIGHTS
- टेकऑफ से ठीक पहले कॉकपिट क्रू को विमान में तकनीकी गड़बड़ी का पता चला।
- ब्रेक लगने के बाद रनवे पर रेस्क्यू वाहन और एंबुलेंस पहुंचीं।
- बिजनेस क्लास यात्रियों को उसी रात दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया।
नई दिल्ली। गुरुवार शाम बैंकॉक से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान (एआई 2335) को टेकऑफ से ठीक पहले रनवे के पास इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा। कॉकपिट क्रू को विमान में तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद पायलट ने उड़ान रद्द करने का फैसला किया। विमान में 250 से अधिक यात्री सवार थे। यात्रियों को निर्धारित समय से करीब 24 घंटे बाद शुक्रवार शाम दिल्ली लाया जा सका।
उड़ान रद्द होने के बाद इंटरनेट मीडिया पर विमान की तकनीकी खराबी को हाइड्रोलिक सिस्टम में गड़बड़ी बताया गया, लेकिन एअर इंडिया ने इस दावे से साफ इनकार किया। एयरलाइन के मुताबिक, ऐसी कोई खराबी नहीं थी। विमान की गड़बड़ी को उसी दिन दो से तीन घंटे में ठीक कर लिया गया था और अगले दिन इसी विमान का उड़ान के लिए इस्तेमाल भी किया गया।
टेकऑफ से पहले लगा तेज झटका
सूत्रों के मुताबिक, विमान टेकऑफ के लिए रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी अचानक तेज आवाज के साथ ब्रेक लगाए गए। इससे यात्रियों को जोरदार झटका लगा। हालांकि, सभी यात्रियों के सीट बेल्ट लगाए होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के तुरंत बाद रनवे की ओर रेस्क्यू वाहन और एंबुलेंस पहुंचीं। ब्रेक लगाए जाने के बाद यात्रियों को काफी देर तक विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया।
बिजनेस यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजा गया
बाद में यात्रियों को टर्मिनल पर ले जाया गया। वहां से बिजनेस क्लास के यात्रियों को उसी रात दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेज दिया गया, जबकि इकोनॉमी क्लास के यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था होटल में की गई।
एअर इंडिया के अनुसार, विमान उसी दिन उड़ान भरने के लिए तैयार था, लेकिन विमान में तैनात क्रू की ड्यूटी पूरी हो चुकी थी। इसी वजह से विमान का इस्तेमाल अगले दिन किया गया और यात्रियों को शुक्रवार शाम दिल्ली रवाना किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.