फ्रांस में प्रदर्शन के बीच ऐतिहासिक टाउन हॉल में आगजनी, मैक्रों और जेडी वेंस ने दी चेतावनी

HIGHLIGHTS
- बेरोजगारी, महंगाई और स्कूलों की स्थिति को लेकर फ्रांस में विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
- लिमोज शहर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में आगजनी की घटना सामने आई।
- सरकारी कार्यालयों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हमले करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
फ्रांस में बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, स्कूलों की बदहाल स्थिति और सरकार की नीतियों के विरोध में छात्र और कई यूनियन सड़कों पर उतर आए हैं। कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी बीच, कुछ अराजकतावादी तत्वों ने जमकर उपद्रव किया।
उपद्रवियों ने फ्रांस के लिमोज शहर में स्थित काफी पुराने ऐतिहासिक टाउन हॉल (Hotel de Ville) में आग लगा दी। घटना के बाद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने क्या कहा?
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट कर कहा कि गणतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हमला करने तथा टाउन हॉल में लूटपाट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों पर मुकदमा चलाया जाएगा और कानून के मुताबिक सजा दी जाएगी।
मैक्रों ने कहा कि प्रदर्शन करने के अधिकार की रक्षा करने वाली कानून प्रवर्तन एजेंसियों को वह पूरे देश की ओर से अपना समर्थन देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सभी लोग मिलकर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ खड़े होंगे। उनके मुताबिक, ये वे लोग हैं जो संस्थाओं को नष्ट करना चाहते हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की कोशिश करने वालों को ऐसा करने से रोकते हैं।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने जताई चिंता
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी जलते हुए ऐतिहासिक टाउन हॉल का वीडियो ट्वीट करते हुए घटना की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पश्चिम के कुछ उदारवादियों ने विविधता और दया के नाम पर 'तीसरी दुनिया' के लोगों को फ्रांस और दूसरे देशों में बसाया, लेकिन उनके आत्मसात होने और आपसी मेल-जोल से जुड़े बुनियादी सवालों को नजरअंदाज कर दिया।
वेंस ने कहा कि पहले ही इस तरह की स्थिति को लेकर चेतावनी दी गई थी, लेकिन किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया।
अपने बयान में उन्होंने फ्रांस को लेकर कहा कि वह प्रार्थना करते हैं कि अद्भुत लोगों से भरा यह खूबसूरत देश इस पागलपन को तब तक रोकने में सफल हो, जब तक कि उसकी और महत्वपूर्ण जगहें जलकर राख न हो जाएं।
इसके साथ ही वेंस ने अमेरिका को भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिकी लोग इस घटना पर ध्यान दे रहे होंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में मौजूद डेमोक्रेट्स अमेरिका के लिए भी ऐसा ही भविष्य चाहते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.