अजय राय पर FIR दर्ज, पीएम मोदी पर कथित टिप्पणी को लेकर बढ़ी मुश्किलें

महोबा। महोबा में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा से जुड़े मामले के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई भाजपा नेता और अधिवक्ता नीरज रावत की शिकायत पर की गई, जिसमें अजय राय समेत करीब 30 समर्थकों को नामजद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली 25 वर्षीय छात्रा महोबा में किराए पर रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। 30 अप्रैल को वह लाइब्रेरी से लौटते समय लापता हो गई थी। लगभग 16 दिन बाद पुलिस ने उसे बरामद किया था। शुरुआत में छात्रा ने अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए थे, हालांकि बाद में उसके विवाह से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद मामला अलग दिशा में चला गया।
इसी प्रकरण को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय महोबा पहुंचे और छात्रा से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वापसी के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की बात सामने आई है।
भाजपा नेताओं ने इस वीडियो को लेकर आपत्ति जताई और इसे लेकर विरोध तेज कर दिया। शिकायतकर्ता अधिवक्ता नीरज रावत ने आरोप लगाया कि 22 मई को बिना प्रशासनिक अनुमति के कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उनके अनुसार अजय राय करीब 15–16 वाहनों के काफिले और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचे, जिससे क्षेत्र में यातायात बाधित हुआ और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई।
पुलिस को शिकायत के साथ वायरल वीडियो की पेन ड्राइव भी साक्ष्य के रूप में सौंपी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.