अखिलेश यादव का सीएम योगी पर सवाल, बोले- हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट कम होने का आंकड़ा कहां से आया?

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने नई दिल्ली में मीडिया से की बातचीत।
- मुख्यमंत्री के 1.27 करोड़ वोट कम होने के दावे पर मांगा जवाब।
- लाभार्थियों के वोट घटने के बयान पर भी उठाए सवाल।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एसआईआर के दौरान वोट कटने को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के बयान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विधान परिषद चुनाव में हार के बाद अब मुख्यमंत्री भी यह स्वीकार कर रहे हैं कि एसआईआर में मतदाताओं के वोट कम हुए हैं। अखिलेश के मुताबिक, मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट घट गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला। साथ ही, मुख्यमंत्री का कहना है कि लाभार्थियों के वोट भी कम हुए हैं।
भाजपा पर अन्याय और बेईमानी का आरोप
अखिलेश यादव ने नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा सरकार ने नाइंसाफी की सभी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अन्याय, अत्याचार और बेईमानी के खिलाफ जनता अब आवाज उठा रही है।
उन्होंने वाराणसी में विधान परिषद चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यहां भाजपा को दोहरी हार का सामना करना पड़ा है। डबल इंजन की बात करने वाली भाजपा वाराणसी में डबल जीरो पर पहुंच गई। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपनी पहली हार स्वीकार नहीं की और धांधली के लिए चुनाव आयोग के साथ मिलकर दोबारा मतगणना कराई, लेकिन इसके बाद भी उसे हार का सामना करना पड़ा।
मतदाता सूची में धांधली का लगाया आरोप
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची में गड़बड़ी कर रही है और देश की जनता को धोखा दे रही है। अखिलेश यादव ने जिन लोगों के वोट कटे हैं, उनसे लोकतंत्र और संविधान बचाने के आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त और जुमलों के खिलाफ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.