यूपी में 3 से 5 नवंबर तक भाजपा की शांति पदयात्रा, 4 नवंबर को गोरखपुर पहुंचेंगे नितिन नवीन

HIGHLIGHTS
- पदयात्रा में कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों को भी जोड़ने की तैयारी।
- गोरखपुर क्षेत्र से 40 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य तय।
- पंकज चौधरी ने कांग्रेस की रैली में भीड़ के दावे पर उठाए सवाल।
गोरखपुर। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और जनता को गुमराह करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए भाजपा प्रदेश में तीन दिवसीय शांति पदयात्रा आयोजित करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि यह पदयात्रा 3 से 5 नवंबर तक निकाली जाएगी। पार्टी ने इसे 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' नाम दिया है।
उन्होंने बताया कि 4 नवंबर को गोरखपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदयात्रा का नेतृत्व करने के साथ कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी ने इस क्षेत्र से कम से कम 40 हजार कार्यकर्ताओं और आम लोगों को पदयात्रा में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
रविवार शाम पार्टी के रानीडीहा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पंकज चौधरी ने यह जानकारी दी। कांग्रेस की रैली पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें 10 लाख लोगों के शामिल होने की घोषणा की गई थी, लेकिन उनके आकलन के मुताबिक 25 से 30 हजार से ज्यादा लोग नहीं पहुंचे।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कुछ लोगों को दिल्ली में एकत्रित कर यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि पूरा देश उसके साथ है। इसके जवाब में भाजपा अपनी पदयात्रा के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि देश के नागरिक संविधान और संवैधानिक व्यवस्था में भरोसा रखते हैं।
अखिलेश यादव के बयान पर पंकज चौधरी का पलटवार
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तर प्रदेश में भाजपा की जमीन नहीं होने वाले बयान पर भी पंकज चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसकी जमीन है और किसकी नहीं, इसका निर्णय जनता करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश की पहचान में बदलाव आया है।
उन्होंने कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हुए कामों का जिक्र करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी और हैट्रिक लगाएगी।





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.