अलीगढ़: शॉर्ट सर्किट से धधका अशोक स्वीट्स हाउस, 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान

HIGHLIGHTS
- टप्पल के अशोक स्वीट्स हाउस में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, काउंटर, फ्रिज और फर्नीचर समेत लाखों का सामान जला।
- सर्विस कर्मचारी बॉबी की सूझबूझ से पहली मंजिल पर सो रहे आठ कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
- दमकल की चार-पांच गाड़ियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह छह बजे आग पर पाया काबू, दुकान मालिक ने 50 लाख रुपये नुकसान का अनुमान जताया।
अलीगढ़: टप्पल कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित अशोक स्वीट्स हाउस में शनिवार देर रात करीब दो बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान का काउंटर, फर्नीचर, फ्रिज समेत लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं, दुकान के एक सर्विस कर्मचारी की सतर्कता और सूझबूझ से ऊपर की मंजिल पर सो रहे आठ कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब दो बजे अचानक शॉर्ट सर्किट होने से दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की वजह से दुकान में रखे आठ बिक्री काउंटर, आठ बड़े फ्रिज, मिष्ठान, नमकीन, कोल्ड ड्रिंक केन, कुर्सियां, मेज और अन्य फर्नीचर जल गए।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास स्थित श्याम विद्या स्कूल और प्रतिष्ठान की छत व दीवारें भी काली पड़ गईं। दुकान के कर्मचारी बॉबी ने बताया कि वह रोज की तरह भूतल पर सो रहा था, जबकि बाकी कर्मचारी पहली मंजिल पर सो रहे थे। रात करीब दो बजे धुएं और घुटन का एहसास होने पर उसकी नींद खुली तो उसने दुकान में आग लगी देखी।
बॉबी ने तुरंत ऊपर जाकर सभी कर्मचारियों को जगाया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकाले गए कर्मचारियों में हरि सिंह, नवलजीत, खेमा, पिंटा, राजेश, जीतू, मोहित और सुमित शामिल हैं। ये सभी इलाहाबाद, बिहार, सासनी और हाथरस के रहने वाले बताए गए हैं।
घटना की जानकारी तत्काल थाना पुलिस और दुकान मालिक अशोक शर्मा को दी गई। कर्मचारियों ने दुकान में रखे अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते आग ऊपरी मंजिल तक पहुंच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल की चार-पांच गाड़ियों ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब छह बजे आग पर काबू पाया। दुकान मालिक अशोक शर्मा ने आग से करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.