कुशीनगर में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, चार युवकों की मौत

HIGHLIGHTS
- रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे देवरिया रोड पर हुआ हादसा।
- सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे पेड़ से टकराई कार।
- मृतकों में दो इंटरमीडिएट के छात्र और एक विदेश से लौटा युवक शामिल।
कुशीनगर। जिले के कसया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि तीन अन्य युवक घायल हैं। देवरिया रोड पर रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी सात युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों की भी आज मौत हो गई।
रात करीब 11:30 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11:30 बजे कार संख्या यूपी 57 एडब्ल्यू 9888 देवरिया रोड से गुजर रही थी। रामाभार पुल से लगभग 400 मीटर आगे तेज रफ्तार के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसमें सवार सातों युवक घायल हो गए।
इस हादसे में चार युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया है। मृतकों में दो इंटरमीडिएट के छात्र शामिल थे, जबकि एक युवक दो महीने पहले ही कतर में वेल्डिंग का काम छोड़कर घर लौटा था। मृतकों में किसी के पिता मजदूरी करते हैं, तो किसी के पिता वेल्डिंग या सिलाई की दुकान चलाते हैं। हादसे में घायल तीन युवकों में से एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। चार युवकों की मौत और तीन के घायल होने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
माता-पिता के इकलौते बेटे थे आदित्य
रामपुरगढ़ निवासी 18 वर्षीय आदित्य कन्नौजिया इंटरमीडिएट के छात्र थे। उनके पिता रितेश कन्नौजिया वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं। दो भाई-बहनों में आदित्य छोटे थे और अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी मौत से परिवार ने अपना सहारा खो दिया है। बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो महीने पहले कतर से घर लौटे थे संजीव
25 वर्षीय संजीव शर्मा कतर में वेल्डिंग का काम करते थे। वह दो महीने पहले ही विदेश से घर वापस आए थे। उनके पिता सुभाष शर्मा सिलाई की दुकान चलाते हैं। संजीव दो भाइयों में छोटे थे और उनके बड़े भाई का नाम संगम शर्मा है। संजीव के घर लौटने के बाद परिवार को बेहतर हालात की उम्मीद थी, लेकिन हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं।
कैमरा चलाकर परिवार की आर्थिक मदद करते थे प्रदीप
23 वर्षीय प्रदीप प्रसाद शादी-विवाह समारोहों में कैमरा चलाने का काम करते थे। चार भाइयों और एक बहन में वह तीसरे स्थान पर थे। उनके पिता छठू प्रसाद मजदूरी करते हैं। प्रदीप भी काम करके परिवार की आर्थिक मदद करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों के साथ आर्थिक संकट भी बढ़ गया है।
ग्राम प्रधान के सबसे छोटे बेटे थे नितेश
22 वर्षीय नितेश प्रसाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता शकुन्तल प्रसाद वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। तीन भाइयों में नितेश सबसे छोटे थे। उनके दोनों बड़े भाई रेलवे में कार्यरत हैं। इनमें एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है, जबकि दूसरा लिपिक के पद पर काम करता है। नितेश की मौत से परिवार में शोक छा गया है।
घायल अंकित की हालत बेहद गंभीर
हादसे में घायल मठिया रति निवासी 23 वर्षीय अंकित प्रसाद का गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत बेहद गंभीर है। वहीं, देउरवा निवासी 24 वर्षीय अंकित यादव और 25 वर्षीय अंकित यादव का भी उपचार जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.