उन्नाव: ट्रैक्टर-ट्राली का प्रेशर खुलने से हादसा, बच्ची की मौत और कई महिलाएं घायल

HIGHLIGHTS
- श्यामपुर गांव में 11 अक्टूबर को पहली बार दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थी।
- मंगलवार शाम श्रद्धालु भवरेश्वर मंदिर के पास सई नदी में प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे।
- सरवन मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्राली का प्रेशर खुलने से उसमें सवार करीब 20 महिला-पुरुष सड़क पर गिर गए।
उन्नाव। मौरावां में देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली का प्रेशर खुलने से दुर्घटना हो गई। ट्राली के अचानक ऊपर उठने से उसमें सवार करीब 20 महिला-पुरुष सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए, जिससे दबकर चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई और कई महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को असोहा सीएचसी और सौ बेड अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
विसर्जन यात्रा के दौरान हुआ हादसा
क्षेत्र के श्यामपुर मजरे देवमई गांव में 11 अक्टूबर को पहली बार दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थी। नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना के बाद मंगलवार शाम श्रद्धालु प्रतिमा विसर्जन के लिए भवरेश्वर मंदिर के पास सई नदी जा रहे थे। प्रतिमा को लोडर पर रखा गया था, जबकि गांव की कई महिलाएं पड़ोसी गांव रामपुर निवासी राजकुमार की ट्रैक्टर-ट्राली में बैठी थीं।
मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर असोहा थाना क्षेत्र के सरवन मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली का प्रेशर खुल गया। इसके चलते ट्राली ऊपर उठ गई और उसमें सवार महिलाएं सड़क पर गिर गईं। अचानक हुई इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिरने से घायल हो गईं। हादसे में चार वर्षीय आरोही की जान चली गई।
13 घायल महिलाओं को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल आंचल, मनीषा, शोभा देवी, बिंदेश्वरी, सुमित्रा, सुनीता, सोमा, ममता, रामरानी, धर्मावती, शांति देवी, मीरा और सुमाना को सौ बेड अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनीषा और शोभा देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बुआ के साथ विसर्जन यात्रा में जा रही थी आरोही
मृतक आरोही बीघापुर थाना क्षेत्र के मल्लपुर गांव निवासी जय कुमार की बेटी थी। वह 16 अक्टूबर को अपनी बुआ बिंदेश्वरी के घर श्यामपुर आई थी। मंगलवार को वह बुआ के साथ देवी प्रतिमा विसर्जन यात्रा में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान हुए हादसे में उसकी मौत हो गई।
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हो गए। घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.