अमरोहा: रामायण पाठ के दौरान बेकाबू डंपर मंदिर में घुसा, मासूम सहित 3 की मौत

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश के अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया।
- कोठी खिदमतपुर के पास स्थित हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे रामायण पाठ के दौरान तेज रफ्तार बजरी से भरा डंपर अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा।
- वाहन ने कई लोगों को रौंदते हुए मंदिर की संरचना से टकरा गया।
- इस हादसे में एक मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
- हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
- जानकारी के अनुसार, मंगलव…
उत्तर प्रदेश के अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कोठी खिदमतपुर के पास स्थित हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे रामायण पाठ के दौरान तेज रफ्तार बजरी से भरा डंपर अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। वाहन ने कई लोगों को रौंदते हुए मंदिर की संरचना से टकरा गया। इस हादसे में एक मासूम सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें आसपास के गांव नारायनपुर, छावी, चाऊपुरा और कोठी खिदमतपुर से आए 20 से अधिक श्रद्धालु शामिल थे। सभी लोग रामायण पाठ में श्रद्धा के साथ बैठे हुए थे, तभी अचानक तेज गति से आ रहा डंपर नियंत्रण खो बैठा और सीधे भीड़ में घुस गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग उसकी चपेट में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में छावी गांव के परम सिंह (70), नारायणपुर निवासी महिपाल (42) और रजबपुर क्षेत्र के शहबाजपुर पट्टी निवासी पांच वर्षीय आर्यवीर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आर्यवीर अपनी ननिहाल छावी गांव आया हुआ था और वहीं रामायण पाठ में शामिल था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक महिपाल का शव सड़क पर रखकर अमरोहा–कांठ मार्ग को जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोग आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में डीएम, एसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद देर शाम तक हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए।
पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.