बसपा से निष्कासन के बाद अंटू मिश्रा बोले- मायावती मेरी बड़ी बहन, रिश्ता हमेशा बना रहेगा

HIGHLIGHTS
- अंटू मिश्रा ने कहा कि वह 23 साल तक बसपा से जुड़े रहे।
- उन्होंने अपने 40 साल के राजनीतिक सफर का भी जिक्र किया।
- अंटू मिश्रा ने कहा कि पार्टी कार्यक्रमों में उन्हें अक्सर नहीं बुलाया जाता था।
बसपा से निष्कासित पूर्व मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा ने कहा कि मायावती उनकी बड़ी बहन हैं और यह रिश्ता हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि मायावती का फैसला उन्हें स्वीकार है, हालांकि उन्होंने ऐसा कोई काम नहीं किया जिसे अनुशासनहीनता के दायरे में रखा जाए।
निष्कासन के बाद पहली बार शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए अंटू मिश्रा ने कहा कि उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों में कोऑर्डिनेटर्स नहीं बुलाते थे और कार्यक्रमों की जानकारी भी उन्हें बाद में मिलती थी। उन्होंने कहा कि उनका भी सम्मान है, इसलिए बिना बुलाए किसी कार्यक्रम में कैसे जाते। इसके बावजूद वह बसपा कार्यकर्ताओं की मदद करते रहे और ब्राह्मण समाज को भी पार्टी से जोड़ने का काम करते रहे।
अंटू मिश्रा ने कहा कि बसपा ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और पार्टी के कार्यकर्ता उनके लिए देवतुल्य हैं।
40 साल का राजनीतिक सफर, 23 साल बसपा के साथ
अंटू मिश्रा ने कहा कि छात्र जीवन से लेकर अब तक उनका 40 वर्ष का राजनीतिक सफर रहा है। वह पिछले 23 साल से बसपा के साथ जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी क्षमता से अधिक पार्टी के लिए काम किया।
उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। अंटू मिश्रा ने कहा कि अब वह अपने समाज और बसपा से जुड़े लोगों के पास जाकर उनकी राय जानेंगे। इसके बाद आगे की रणनीति तय करेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति तेजी से बदल रही है, इसलिए परिस्थितियों के अनुसार फैसला लिया जाएगा। अंटू मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि अब वह पार्टी में वापसी का प्रयास नहीं करेंगे।
पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासन
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए थे।
इसकी जानकारी मायावती ने एक्स पर जारी बयान के जरिए दी थी। उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के कारण तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया गया है।
मायावती ने अपने बयान में यह भी कहा था कि उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है। ऐसे में पार्टी के सभी स्तर के लोगों को विरोधियों के साम, दाम, दंड, भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बसपा के अंबेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा आम चुनाव में सफल बनाने के लिए काम करना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.