शिवा शर्मा मौत केस: नेपाल में आरोपियों के छिपे होने की आशंका, मां ने CM योगी से लगाई गुहार

HIGHLIGHTS
- आरोपियों के मोबाइल फोन 14 अक्टूबर तक सक्रिय थे, लेकिन उसके बाद उनकी कोई नई लोकेशन नहीं मिली।
- पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा दुबे सर्विलांस से बचने के लिए नेपाल के सिमकार्ड का इस्तेमाल कर रही है।
- नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी हो चुका है।
लखनऊ। चिकन कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक दानिश और अन्य आरोपी नौ दिन बीतने के बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में लगी हैं, लेकिन अब तक आरोपियों की मौजूदा लोकेशन का पता नहीं चल पाया है। आरोपियों की अंतिम लोकेशन भारत-नेपाल सीमा के पास मिलने के बाद लखनऊ पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए नेपाल पुलिस से सहयोग मांगा है। वहीं, शिवा की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सहित सात मांगें रखी हैं।
घटना के बाद श्रद्धा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। पुलिस को इन वीडियो के पोस्ट किए जाने की जगह की जानकारी है, लेकिन अधिकारी इस संबंध में कुछ कहने से बच रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा के कुछ मददगार इन वीडियो को वायरल कर रहे हैं। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे कई लोगों के नाम मिले हैं, जिनकी गतिविधियों पर सर्विलांस के जरिए नजर रखी जा रही है। नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी जारी हो चुका है।
सर्विलांस से जुड़े पुलिसकर्मियों के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन 14 अक्टूबर तक सक्रिय थे और उनकी कुछ लोकेशन भी मिली थीं। इसके बाद से उनकी कोई नई लोकेशन सामने नहीं आई है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नेपाल में किसी सुरक्षित ठिकाने पर रह रहे हैं और मददगारों के संपर्क में हैं। बहराइच पुलिस के सूत्रों का कहना है कि श्रद्धा और उसके साथ मौजूद आरोपियों ने नेपाल में अलग-अलग स्थानों पर शरण ली है। वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, सर्विलांस से बचने के लिए श्रद्धा नेपाल के सिमकार्ड का इस्तेमाल कर रही है।
सूत्रों ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी अदालत में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में हैं। दशहरे की छुट्टियों के बाद उनके सरेंडर करने की संभावना जताई जा रही है। जेसीपी एलओ बबलू कुमार ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें तैनात की गई हैं।
श्रद्धा के करीबी हिस्ट्रीशीटर ऋषभ राय को छह महीने के लिए जिलाबदर करने का आदेश
शिवा शर्मा मामले की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे के कुछ हिस्ट्रीशीटरों और गैंगस्टरों से संबंध होने की बात भी सामने आई है। इनमें मड़ियांव के फैजुल्लागंज निवासी हिस्ट्रीशीटर ऋषभ राय का नाम शामिल है। घटना के बाद श्रद्धा और ऋषभ का एक साथ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब जेसीपी क्राइम की कोर्ट ने ऋषभ को छह महीने के लिए जिलाबदर करने का आदेश दिया है।
मड़ियांव के इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र के मुताबिक, कारोबारी शिवा शर्मा से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं मिलने पर उन पर जानलेवा हमला करने के मामले में ऋषभ भी आरोपी है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और लूट सहित 18 से अधिक मामले दर्ज हैं।
इंस्पेक्टर के अनुसार, कुछ महीने पहले ऋषभ ने शिवा से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उसने शिवा को जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में शिवा की मां रंजना ने ऋषभ और उसके आठ से दस साथियों के खिलाफ विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इस प्रकरण में ऋषभ जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
इंस्पेक्टर ने बताया कि ऋषभ अलीगंज थाने में दर्ज लूट के एक मामले में भी फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। अब जेसीपी क्राइम की कोर्ट ने उसे छह महीने तक जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया है।
शिवा की मां ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर रखीं सात मांगें
कारोबारी शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सहित सात मांगें उठाई हैं। उन्होंने पत्र में कहा कि उनके बेटे की मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले लोगों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
शिवा की मां की सात मांगें
शिवा शर्मा की मौत के मामले की तत्काल निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए।
श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की विस्तार से जांच हो। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन, डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य अहम सबूतों को सुरक्षित रखकर उनकी जांच की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जरूरत के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जांच कराई जाए।
लापरवाही, सबूतों से छेड़छाड़ या जांच को प्रभावित करने की कोशिश सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी सहायता दी जाए तथा जांच की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
सभी आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों और कानून के मुताबिक कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
नौ अक्टूबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी शिवा की मौत
हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने के बाद नौ अक्टूबर की रात चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। वह अलीगंज के कपूरथला के निवासी थे।
शिवा की मां रंजना शर्मा ने मॉडल श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, चालक दानिश, आदिल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हजरतगंज थाने में बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.