असम: बैलट पेपर से हुआ सिलचर नगर निगम चुनाव, NDA ने 42 में से 34 सीटें जीतीं

HIGHLIGHTS
- चुनाव में कुल 42 सीटों के लिए मतदान हुआ था।
- इस बार वोटिंग EVM के बजाय बैलट पेपर से कराई गई।
- भाजपा की सहयोगी AGP ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की।
गुवाहाटी। असम के सिलचर नगर निगम के पहले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले एनडीए ने बड़ी जीत दर्ज की है। कुल 42 सीटों वाले नगर निगम चुनाव में एनडीए ने 34 सीटों पर जीत हासिल की।
इस चुनाव में मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बजाय बैलट पेपर से कराया गया था। बैलट पेपर से हुए चुनाव में एनडीए की जीत के बाद इसे लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।
भाजपा के खाते में 32 सीटें
चुनाव परिणाम के मुताबिक, भाजपा ने अकेले 32 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, उसकी सहयोगी पार्टी असम गण परिषद (AGP) को 2 सीटें मिली हैं। इस तरह एनडीए ने कुल 34 सीटों पर कब्जा किया।
वहीं कांग्रेस को केवल 2 सीटें मिलीं, जबकि 6 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।
नतीजों के बाद कांग्रेस पर बरसे सीएम सरमा
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और 'विकसित भारत' के एजेंडे पर पूरी मुहर लगाई है।
बैलट पेपर से हुए चुनाव को लेकर भी सीएम सरमा ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बैलट पेपर पर भी हार जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि वास्तव में बैलट पेपर पर कांग्रेस की हार और बड़ी होती है।
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कई बार लोग ईवीएम देखकर घबरा जाते हैं और गलती से गलत जगह वोट दबा देते हैं या 'नोटा' (NOTA) का इस्तेमाल कर लेते हैं। इसके विपरीत जनता बैलट पेपर से मतदान करने में माहिर है। उन्होंने कहा कि जब भी बैलट पेपर से चुनाव होता है, कांग्रेस और बड़े अंतर से हारती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी साधा निशाना
असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने भी चुनाव परिणाम को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार ईवीएम में छेड़छाड़ का आरोप लगाती रहती है, लेकिन इस बार चुनाव बैलट पेपर से कराया गया था।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम सामने है और कांग्रेस कहीं नहीं टिक पाई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.