विधानसभा अध्यक्ष की पीड़ा !

HIGHLIGHTS
- विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन की मर्यादा और संसदीय परंपराओं के पालन की अपील की।
- सपा विधायकों पर सदन के भीतर हंगामा करने और पोस्टर दिखाने का आरोप लगाया गया।
- अध्यक्ष ने नेता सदन के सम्मान और संवैधानिक परंपराओं का पालन करने की बात कही।
संसद की कार्रवाई ठप करने की विपक्ष की रणनीति का अनुसरण कर प्रमुख विरोधी दल समाजवादी पार्टी के विधायकों ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल में भी गुलगपाड़ा, हंगामा मचाने की नीति अपनाई है। विधानभवन के सामने और सदन के भीतर कार्यवाही को इरादतन ठप रखा परिणाम स्वरूप विधान सभा पूर्व निश्चित कार्यक्रम के बजाय एक दिन पहले ही स्थगित हो गया।
समाजवादी पार्टी के विधायकों ने तख्तियां लेकर सदन के बाहर ही नहीं, भीतर भी गदर काटा। नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र वाले पोस्टर को लेकर सदन में अभद्र, अपमानजनक टिप्पणियां कीं । खेद है कि ये अलोकतंत्रीय हरकतें लोकतंत्र का नाम लेकर की गई।
विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना के बार-बार आग्रह और अपील के बावजूद विपक्ष सदन में हल्ला मचाता रहा। सपाइयों और कांग्रेसी विधायकों के इस रवैये से खिन्न होकर उन्हें कहना पड़ा कि शायद वे सदन की कार्रवाई सुचारू रूप से चलाने-में सक्षम नहीं हैं। शोरशराबा मचा कर नेता सदन को अपमानित करने पर उन्होंने याद दिलाया कि जब वे विपक्ष में थे, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रति अभद्र टिप्पणी करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य के कथन का विरोध किया था। संवैधानिक परम्पराओं के अनुसार नेता सदन का सम्मान होना चाहिये, न कि उसे अपमानित किया जाए, खेद है कि सपा विधायक आसन की अपील के बावजूद सदन में शोर मचाते रहे, संविधान और संसदीय परम्पराओं को तार-तार करते रहे।
सदन में मर्यादा और संसदीय परम्परा का निर्वाहन करने को अध्यक्ष ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के कथन का भी हवाला दिया किन्तु विपक्ष कार्रवाई को बाधित करने की रणनीति पर अड़ा रहा। संसद और विधानमंडलों की कार्रवाई का प्रसारण होने से जनता अपने जन प्रतिनिधियों के रवैये से परिचित रहती है। हंगामे और सदन में अमर्यादित आचरण का मतदाताओं पर गलत प्रभाव पड़ता है।
गोविंद वर्मा
संपादक 'देहात'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.