मुजफ्फरनगर जनपद में वर्षा का कहर: जिला अधिकारी, राजस्व विभाग का अमला मौके पर

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में दो दिनों की लगातार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात।
- जिलाधिकारी उमेश मिश्र और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
- काली, सोलानी, बाणगंगा और हिंडन नदियों का पानी खेतों और बस्तियों तक पहुंचा।
मुजफ्फरनगर। दो दिनों की अनवरत वर्षा ने ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर नदियों के समीप व किनारे बसे ग्रामों में तबाही ला दी है।स्थिति को नियंत्रित करने और तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिला अधिकारी उमेश मिश्र ने कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित कराया और राजस्व अधिकारियों को सक्रिय करते हुए स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के साथ बाढ़ ग्रस्त इलाकों तक पहुंचे। उन्होंने वर्षा एवं बाढ़ पीड़ितों से अपील की है कि घबराहट में न आकर वे राजकीय अधिकारियों से कंट्रोल रूम के नम्बर 9412210080 पर डायल करें। प्रशासन की ओर से तत्काल मदद का समुचित प्रबंध किया गया है।
जनपद की काली, सोलानी, बाण गंगा और हिंडन नदियों का पानी खेतों, जंगल और बस्तियों तक पहुंच कर तबाही ला रहा है हालांकि वर्षा रुकी हुई है। फिर भी खेतों में कई फीट पानी ठहरा है जिसके कारण चारे और सब्जियों की फसल क्षतिग्रस्त हुई है। जिला अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुरकाजी खादर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों तथा कर्मचारियों को निर्देशित किया।
खतौली के एसडीएम ललित कुमार मिश्र एवं क्षेत्राधिकारी गजेन्द्र पाल सिंह ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर हाल जाना। बुढ़ाना के एसडीएम कृष्ण कान्त वर्मा ने राजस्व विभाग अधिकारियों के साथ प्रभावित स्थानों पर जा कर स्थिति का अवलोकन किया और पीड़ितों से वार्ता की। एसडीएम जानसठ रश्मि लाम्बा, राजस्व कर्मचारियों के साथ देवल पहुंची और पीड़ितों को सहायता का आश्वासन दिया। बरसाती पानी को अपने समक्ष निकलवाया।
राजकीय अधिकारियों के अलावा जन प्रतिनिधि भी बाढ़ पीड़ितों की सहायता में जुटे हैं।
गोविंद वर्मा
संपादक 'देहात'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.