'दिल में बाबर, मुंह में राम' वाले पोस्टर से मथुरा में सियासी बवाल, सपा ने जताया विरोध

HIGHLIGHTS
- मथुरा में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की तस्वीर वाले विवादित होर्डिंग को लेकर सियासत गरमा गई।
- बैनर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।
- सपा ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
मथुरा। मथुरा-वृंदावन में मंगलवार सुबह एक विवादित होर्डिंग सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई। गोवर्धन चौराहे के पास लगे इस बैनर में समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीरों को लेकर आपत्ति जताई जा रही है। होर्डिंग पर लिखे नारों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर की है।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों की नजर इस होर्डिंग पर पड़ी। इसमें दोनों नेताओं को धर्म विशेष की टोपी पहने हुए दिखाया गया था। लोगों ने इसकी तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में कैद कर लीं, जिसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
होर्डिंग सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में रोष देखने को मिला। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस तरह के पोस्टर माहौल खराब करने का प्रयास हैं और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
सपा ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की
सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एसएसपी श्लोक कुमार से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बताया जा रहा है कि इस तरह की पोस्टरबाजी को लेकर मथुरा के अलावा अयोध्या और बाराबंकी में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं। फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी देकर जांच की मांग की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.