बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा का परिवार बाल-बाल बचा, यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती कार में लगी आग

HIGHLIGHTS
- यमुना एक्सप्रेसवे पर अभिनव अरोड़ा के परिवार की कार में अचानक आग लग गई।
- समय रहते सभी लोग वाहन से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
- आग में कार और उसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब वृंदावन से दिल्ली लौट रहे बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा के परिवार की कार में अचानक आग लग गई। समय रहते वाहन रोककर सभी लोग बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के विकासपुरी निवासी तरुण अरोड़ा अपनी पत्नी ज्योति अरोड़ा, बेटे अभिनव अरोड़ा और बेटी मन्नत अरोड़ा के साथ डस्टर कार से वृंदावन से दिल्ली जा रहे थे। कार को तरुण अरोड़ा चला रहे थे।
चलते वाहन से उठने लगा धुआं
रास्ते में सुरीर थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 84 के पास वाहन से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और उसमें रखा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलने के बाद एक्सप्रेसवे की आपातकालीन टीम, सुरीर थाना पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
परिवार की ओर से आशंका जताई गई है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। आग तेजी से फैलने के कारण वाहन में रखा सामान निकालने का भी मौका नहीं मिल पाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में वह सड़क किनारे खड़े दिखाई दे रहे हैं। हालांकि हादसे में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, जले हुए वाहन को एक्सप्रेसवे से हटवा दिया गया है और परिवार को वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए दिल्ली रवाना कर दिया गया।






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.