होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों पर हमला, सभी 29 भारतीय नाविक सुरक्षित

HIGHLIGHTS
- एमटी लुईस-1 पर 30 अक्तूबर को प्रक्षेपास्त्र से हमला हुआ।
- इस जहाज पर 27 भारतीय नाविक सवार थे।
- एमटी अरजानाह को 29 अक्तूबर को निशाना बनाया गया था।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों पर हमला किया गया है। इन दोनों जहाजों पर कुल 29 भारतीय नाविक मौजूद थे। राहत की बात है कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को यह जानकारी साझा की।
मंत्री ने बताया कि 30 अक्तूबर को पनामा के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर एमटी लुईस-1 (MT LOUISE 1) को प्रक्षेपास्त्र से निशाना बनाया गया। उस समय जहाज पर 27 भारतीय नाविक सवार थे। हमले के बाद भी जहाज का पूरा चालक दल सुरक्षित है।
दो दिन में दो तेल टैंकरों पर हमले
सर्बानंद सोनोवाल के अनुसार, इससे एक दिन पहले, 29 अक्तूबर को लाइबेरिया के झंडे वाले विशाल कच्चे तेल के टैंकर एमटी अरजानाह (MT ARZANAH) पर भी होर्मुज जलडमरूमध्य में हमला हुआ था। इस जहाज पर दो भारतीय नागरिक सवार थे। इसे भी प्रक्षेपास्त्र से निशाना बनाया गया, हालांकि दोनों भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। इस तरह लगातार दो दिनों में दो जहाजों पर हमले हुए, लेकिन सभी 29 भारतीय नाविकों को कोई चोट नहीं आई।
भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर सरकार की नजर
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि भारत सरकार इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रही है। दोनों जहाजों का प्रबंधन करने वाली कंपनियों के संपर्क में रहा जा रहा है, ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनके कल्याण का ध्यान रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार संबंधित कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.