एपस्टीन दस्तावेजों में नाम आने के बाद बिल गेट्स ने मांगी माफी

नई दिल्ली। जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज़ों में नाम सामने आने के बाद माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस पूरे विवाद पर गहरा अफसोस जताते हुए कहा है कि एपस्टीन के साथ बिताया गया हर पल उनके लिए आज भी शर्म और पछतावे का कारण है।
अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से हाल में जारी किए गए एपस्टीन से जुड़े लाखों पन्नों के रिकॉर्ड और ईमेल के बाद कई चर्चित हस्तियों के नाम सुर्खियों में आए हैं। इन्हीं दस्तावेजों में कुछ ऐसे ईमेल भी सामने आए, जिनमें गेट्स से जुड़ी आपत्तिजनक बातें कही गई थीं।
इन आरोपों पर सफाई देते हुए बिल गेट्स ने ऑस्ट्रेलिया के चैनल 9 न्यूज़ से बातचीत में कहा कि जिन ईमेलों का हवाला दिया जा रहा है, वे कभी भेजे ही नहीं गए थे और पूरी तरह मनगढ़ंत हैं। गेट्स ने कहा,
“एपस्टीन ने खुद को एक ईमेल लिखा था, जिसे उसने कभी भेजा नहीं। उसमें कही गई बातें झूठी हैं। मुझे नहीं पता कि उसने ऐसा क्यों किया, लेकिन उसके साथ जुड़ना मेरी एक बड़ी गलती थी। मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।”
गेट्स के प्रवक्ता ने भी इन दस्तावेजों को एपस्टीन की हताशा का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि एपस्टीन गेट्स के साथ कोई स्थायी संबंध नहीं बना सका था और इसी वजह से वह उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा था।
वहीं, बिल गेट्स की पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने भी इन खुलासों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इन ईमेल्स को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इससे उनके निजी जीवन की कई पीड़ादायक यादें फिर से ताजा हो गई हैं। मेलिंडा ने कहा कि इन विवरणों को पढ़ना और सुनना उनके लिए भावनात्मक रूप से बहुत कठिन है।
गौरतलब है कि 2019 में जेल में आत्महत्या करने वाले यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े मामलों की जांच से संबंधित ये दस्तावेज हाल ही में सार्वजनिक किए गए हैं, जिससे अमेरिका में एक बार फिर हलचल मच गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.