BJP ने दिल्ली-हरियाणा समेत 4 राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष, जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों को बदल दिया है। पार्टी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नई नियुक्तियां कर संगठन को नई दिशा देने की कोशिश की है।
नए फैसले के तहत दिल्ली भाजपा की कमान पूर्वी दिल्ली से सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। वह केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
पार्टी ने हरियाणा की कमान अर्चना गुप्ता को सौंपी है, जबकि त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
पंजाब में संगठनात्मक बदलाव पर फोकस
पंजाब में आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की जगह अब केवल सिंह ढिल्लों को जिम्मेदारी सौंपी है।
बरनाला के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस फैसले के बाद पंजाब भाजपा की रणनीति और नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
केवल सिंह ढिल्लों का राजनीतिक सफर
केवल सिंह ढिल्लों मालवा क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वह बरनाला जिले के तल्लेवाल गांव से संबंध रखते हैं और लंबे समय से राजनीति व कारोबार दोनों में सक्रिय हैं। वह ढिल्लों ग्रुप के प्रमुख भी हैं।
उन्होंने 2007 और 2012 में कांग्रेस के टिकट पर बरनाला से विधायक के रूप में जीत हासिल की थी। इसके अलावा वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
जून 2022 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। इसके बाद उन्हें संगरूर लोकसभा उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार भी बनाया गया। फिलहाल वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के सदस्य थे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने मालवा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने और किसान तथा कारोबारी वर्ग तक पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से यह जिम्मेदारी केवल सिंह ढिल्लों को सौंपी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.