भाजपा नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या, शारदा सहायक नहर में मिला शव

HIGHLIGHTS
- सिर के पिछले हिस्से और दाहिने सीने में गोली मारी गई थी।
- पुलिस ने ड्राइवर रवि तिवारी समेत एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया।
- शुरुआती जांच में प्रॉपर्टी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है।
दुबग्गा इलाके के सराय प्रेमराज में रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे शारदा सहायक नहर से भाजपा नेता और महाराणा प्रताप चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह (35) का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उनके सिर के पिछले हिस्से और दाहिने सीने में गोली लगी थी। हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के अनुसार, धीरेंद्र प्रताप सिंह मूल रूप से उन्नाव के रहने वाले थे और पीजीआई की वृंदावन कॉलोनी में रहते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते उनके ड्राइवर रवि तिवारी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी ड्राइवर समेत एक अन्य व्यक्ति हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी रवि तिवारी ने बताया कि उसने पहले धीरेंद्र प्रताप सिंह को रुमाल सुंघाकर बेहोश किया। इसके बाद उनके दाहिने सीने में गोली मारी और फिर सिर के पिछले हिस्से में दूसरी गोली मारकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद शव को फॉर्च्यूनर कार से दुबग्गा इलाके में किसान पथ के किनारे एक सुनसान जगह ले जाया गया। वहां सड़क से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित शारदा सहायक नहर में शव फेंक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने आरोपी ड्राइवर रवि तिवारी के साथ एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रॉपर्टी विवाद या बड़ी साजिश, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में प्रॉपर्टी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या में कितने लोग शामिल थे और क्या ड्राइवर ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया या किसी अन्य व्यक्ति की भी इसमें भूमिका थी। धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है।
पुलिस हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने के साथ वारदात में इस्तेमाल हथियार, कार और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.