एशिया कप में भारत की धमाकेदार शुरुआत, दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास; मंधाना ने भी बनाया रिकॉर्ड

HIGHLIGHTS
- दीप्ति शर्मा ने 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किए।
- दीप्ति यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत की तीसरी महिला क्रिकेटर बनीं।
- प्रतिका रावल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया।
भारतीय महिला टीम ने एशिया कप टी20 में अपने अभियान का आगाज कर दिया है। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में भारत का सामना थाईलैंड से हो रहा है। मैच में मैदान पर उतरते ही दीप्ति शर्मा ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। वह भारत की ओर से 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली तीसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। उनसे पहले हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।
थाईलैंड ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
थाईलैंड की कप्तान थिपात्चा फुथावोंग ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि अगर वह टॉस जीततीं तो उनका फैसला भी पहले गेंदबाजी करने का ही होता।
भारत ने इस मुकाबले के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और रेणुका सिंह को आराम दिया है। वहीं, 24 वर्षीय लेग स्पिनर प्रेमा रावत सिर्फ अपना दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रही हैं।
150 टी20 मैच खेलने वाली 12वीं महिला क्रिकेटर बनीं दीप्ति
दीप्ति शर्मा 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने वाली भारत की तीसरी और दुनिया की 12वीं महिला खिलाड़ी बन गई हैं। भारत के लिए उनसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने खेले हैं।
हरमनप्रीत कौर अब तक 202 और स्मृति मंधाना 171 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। दीप्ति के नाम अब 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हो गए हैं।
प्रतिका रावल का टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू
थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से प्रतिका रावल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना डेब्यू किया। टॉस से पहले उन्हें कैप प्रदान की गई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्रतिका को डेब्यू कैप सौंपी।
प्रतिका के चयन को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी, लेकिन आखिरकार उन्हें थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का मौका मिला।
मंधाना ने सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा
भारत की अनुभवी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने भी इस मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं। इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया।
सूजी बेट्स के नाम महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10740 रन हैं। थाईलैंड के खिलाफ मंधाना ने 10 गेंदों में चार चौकों की मदद से 19 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने बेट्स को पीछे छोड़ दिया।
मंधाना से आगे अब भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज हैं। मिताली राज ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 10868 रन बनाए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, एन श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा।
थाईलैंड: अपिसारा सुवानचोंराठी, नाटाकन चांतम, फानिता माया, नानापट कोंचारोएनकाई (विकेटकीपर), चानिदा सुथिरुआंग, नाओमी हेमिल्टन, सुलीपोर्न लाओमी, नानाफट चाएहान, सुनिदा चातुरोंग्राटाना, थिपात्चा फुथावोंग (कप्तान), ओनिचा काम्चोंफू।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.