भाजपा विधायक और बेटे को जान से मारने की धमकी, एफआईआर दर्ज

लखनऊ। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी और उनके बेटे निशंक त्रिपाठी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई विधायक पुत्र की ओर से थाने में दी गई तहरीर के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, पयागपुर नगर पंचायत के कोट बाजार निवासी रोहित विक्रम सिंह ने 23 नवंबर की रात अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट डालकर विधायक और उनके पुत्र के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। पोस्ट की स्क्रीनशॉट और संबंधित रिकॉर्डिंग निशंक त्रिपाठी ने पयागपुर थाने में साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं।
तहरीर में निशंक ने आरोप लगाया है कि रोहित विक्रम सिंह पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह राजनीतिक संरक्षण के सहारे लगातार अनुचित गतिविधियों में शामिल रहता है। उनका यह भी कहना है कि आरोपी विपक्ष की एक पार्टी के पूर्व विधायक से जुड़ा हुआ है, जिसकी वजह से वह सोशल मीडिया पर लगातार विवादित भाषा का प्रयोग करता रहा है।
विधायक पुत्र ने शिकायत में कहा कि इस पोस्ट ने न केवल उनकी और उनके पिता की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाया है बल्कि परिवार की सुरक्षा को भी खतरा पैदा किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपी की तलाश जारी है।
आरोपी का भाई नगर पंचायत का सभासद
मामले में सामने आया है कि आरोपी रोहित विक्रम सिंह का भाई रोचक सिंह कोट बाजार वार्ड से सभासद है। रोचक का कहना है कि बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के कारण उनके भाई को निशाना बनाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.