महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न केस में बृजभूषण शरण सिंह बरी, बोले- सम्मान के साथ मिला न्याय

HIGHLIGHTS
- राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह को बरी किया।
- फैसले के बाद बृजभूषण ने कहा, "मैं सिर्फ़ बरी नहीं, सम्मान के साथ बरी हुआ हूं।"
- उन्होंने दावा किया कि यह मामला षड्यंत्र था और उन्हें शुरू से अपने बरी होने का भरोसा था।
नई दिल्ली। महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में राउज़ एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के बाद भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह का समर्थकों ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से स्वागत किया।
कोर्ट के फैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "मैं सिर्फ़ बरी नहीं हुआ हूं, बल्कि सम्मान के साथ बरी हुआ हूं। संघर्ष से निखार आता है। जो लोग मेरे खिलाफ हैं, उनसे मुझे कुछ नहीं कहना है।"
उन्होंने कहा, "18 जनवरी 2023 को मैंने कहा था कि यह एक षड्यंत्र है। अगर मेरे ऊपर कोई भी आरोप सही साबित होगा तो मैं खुद फांसी पर लटक जाऊंगा। आज तक मैं अपनी उसी बात पर कायम रहा और करीब तीन साल बाद अदालत ने मुझे और विनोद तोमर को बरी कर दिया है।"
बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा, "मैं 15-16 साल की उम्र से संघर्ष देख रहा हूं। मैं हमेशा कमजोर और जिनका हक मारा जाता था, उनके पक्ष में खड़ा रहा हूं। मुझे खुद पर पूरा भरोसा था कि मेरे साथ न्याय होगा और आज मुझे न्याय मिला। मैंने कभी खुद को अपराधी नहीं माना। आज अदालत ने मुझे सम्मान के साथ बरी किया है। यह मेरे और मेरे समर्थकों के लिए खुशी की बात है। आज खुशी का दिन है।"
'अभी तक आदेश की कॉपी नहीं मिली'
बृजभूषण शरण सिंह के वकील राजीव मोहन ने कहा, "कोर्ट से अभी तक आदेश की कॉपी नहीं मिली है। आदेश की प्रति मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अदालत किस आधार पर इस निष्कर्ष पर पहुंची। हमने जो दलीलें अदालत के सामने रखी थीं, उन्हें स्वीकार किया गया है।"
करण भूषण ने फैसले का किया स्वागत
महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपों वाले मामले में अपने पिता और डब्ल्यूएफआई के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने कहा, "मैं अदालत का धन्यवाद करता हूं। यह सच्चाई, युवा पहलवानों और कैसरगंज की जीत है। आज हम पूरे देश के सामने मजबूती से खड़े हैं। उस समय जो राजनीतिक दल मेरे पिता के खिलाफ बोल रहे थे, क्या वे अब सामने आकर कहेंगे कि उनके साथ गलत हुआ था?"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.