सरकारी गाड़ी में हूटर बजाकर रील बनाने का मामला, बुढ़ाना पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
- पुलिस ने शनिवार रात करीब 10 बजे समीर को गिरफ्तार किया।
- वीडियो में वाहन के फ्रंट शीशे पर SDM लिखा नजर आया था।
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना में एसडीएम की बताई जा रही सरकारी गाड़ी में बैठकर हूटर बजाते हुए रील बनाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बुढ़ाना पुलिस ने शनिवार रात करीब 10 बजे समीर नाम के युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसका शांति भंग की धाराओं में चालान किया है।
यह मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कुछ युवक बुढ़ाना एसडीएम की बताई जा रही सरकारी गाड़ी में बैठे दिखाई दे रहे थे। वीडियो में वाहन के फ्रंट शीशे पर SDM लिखा नजर आ रहा था। साथ ही हूटर बजाते हुए भी दृश्य दिखाई दे रहा था। युवकों ने सरकारी गाड़ी में बैठकर रील बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था।
बताया गया था कि वायरल वीडियो मेरठ-करनाल हाईवे का है और करीब एक महीने पुराना है। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी वाहन के इस्तेमाल और उसमें बैठकर रील बनाए जाने को लेकर सवाल उठे थे। यह भी चर्चा थी कि सरकारी वाहन युवकों तक कैसे पहुंचा और उन्हें उसमें बैठकर रील बनाने की अनुमति किसने दी।
वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवकों को बुढ़ाना एसडीएम के पूर्व ड्राइवर साजिद के परिवार से जुड़ा बताया गया था। हालांकि, वीडियो में नजर आ रहे सभी युवकों की पहचान और उस समय सरकारी वाहन के इस्तेमाल की परिस्थितियों की पुष्टि नहीं हुई थी।
दैनिक भास्कर डिजिटल ने इस मामले को 12 सितंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद शनिवार रात बुढ़ाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समीर को गिरफ्तार किया और शांति भंग की धाराओं में उसका चालान किया।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई समीर के खिलाफ हुई है। वहीं, उस समय सरकारी वाहन किसके पास था और युवकों को वाहन इस्तेमाल करने की अनुमति किन परिस्थितियों में मिली, यह सवाल अभी जांच का विषय है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.