टाटा मोटर्स के हाथों में इवेको की कमान, एन चंद्रशेखरन बने बोर्ड चेयरपर्सन

HIGHLIGHTS
- टेंडर ऑफर के तहत कुल 23,81,57,212 शेयरों का अधिग्रहण किया गया।
- प्रत्येक शेयर के लिए 14.40 यूरो का नकद भुगतान किया गया।
- टाटा मोटर्स की सहायक कंपनी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी ने यह हिस्सेदारी हासिल की है।
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स ने वैश्विक वाणिज्यिक वाहन निर्माता इवेको ग्रुप के 89.42 प्रतिशत शेयरों का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। कंपनी ने इसके लिए भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर दी है।
इस अधिग्रहण के बाद इवेको ग्रुप के निदेशक मंडल में भी बदलाव किया गया है। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को इवेको के बोर्ड का चेयरपर्सन और वरिष्ठ गैर-कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है।
शेयर बाजार को दी गई जानकारी के मुताबिक, टाटा मोटर्स की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी के पास अब इवेको के कुल शेयरों का करीब 89.42 प्रतिशत हिस्सा है।
टेंडर ऑफर के तहत कंपनी ने कुल 23,81,57,212 शेयर खरीदे हैं। इसके बदले शेयरधारकों को प्रति शेयर 14.40 यूरो का नकद भुगतान किया गया है।
इस अधिग्रहण के साथ इवेको ग्रुप अब टाटा मोटर्स समूह का हिस्सा बन गया है। हालांकि, जो शेयरधारक टेंडर ऑफर में अपने शेयर नहीं बेच पाए थे, उन्हें दोबारा मौका दिया जाएगा। वे दो से छह नवंबर के बीच अपने शेयर बेच सकेंगे।
इवेको के निदेशक मंडल में हुए बदलाव
अधिग्रहण के बाद ओलाफ पर्सन इवेको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद पर बने रहेंगे। वहीं, टाटा मोटर्स के पीबी बालाजी और गिरिश वाघ को भी निदेशक मंडल में शामिल किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.