बारिश के कारण टला विपक्ष का 'जन-महाभियोग', शनिवार को खरगे के आवास पर होगी जन संसद

HIGHLIGHTS
- जन संसद का आयोजन शनिवार दोपहर तीन बजे किया जाएगा।
- शुक्रवार को आईएनडीआईए के सांसद और नेता खरगे के आवास पर पहुंचे थे।
- लगातार बारिश के कारण खुले में कार्यक्रम करना संभव नहीं हो पाया।
नई दिल्ली। एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को प्रस्तावित 'जन-महाभियोग' कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। राजधानी में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण इसे एक दिन के लिए टालने का फैसला लिया गया।
अब शनिवार दोपहर तीन बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर जन संसद आयोजित की जाएगी। रामलीला मैदान में वोट चोरी के मुद्दे पर होने वाली विपक्ष की रैली से पहले इस आयोजन के जरिए सीईसी को प्रतीकात्मक रूप से हटाने का संदेश देने की योजना है।
बारिश के कारण टला कार्यक्रम
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन-महाभियोग के लिए आईएनडीआईए के सांसद और नेता शुक्रवार दोपहर खरगे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर पहुंच गए थे। हालांकि, लगातार बारिश के चलते खुले स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करना संभव नहीं हो पाया।
इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि सभी विपक्षी नेताओं ने सर्वसम्मति से कार्यक्रम शनिवार को आयोजित करने का निर्णय लिया है।
राहुल गांधी ने कहा कि जन-महाभियोग और रामलीला मैदान की रैली का उद्देश्य केवल ज्ञानेश कुमार ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उनकी टीम की ओर से लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने के कथित प्रयासों का विरोध करना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों को भी रैली में शामिल होने से रोका जा रहा है। राहुल गांधी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और तेलंगाना जैसे राज्यों से लोगों को आने से रोकने के लिए ट्रेनें रद्द की जा रही हैं और बसों को रोका जा रहा है।
राहुल गांधी, खरगे और अखिलेश यादव समेत कई नेता होंगे शामिल
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने दावा किया कि भाजपा चुनाव वोट के दम पर नहीं, बल्कि प्रबंधन के जरिए जीत रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद का चुनाव इसका प्रमाण है।
तय रणनीति के मुताबिक, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता खरगे के आवास से बसों में सवार होकर मिंटो रोड पहुंचेंगे। वहीं, विपक्ष के अन्य सांसद कंस्टीट्यूशन क्लब से बसों के जरिए मिंटो रोड जाएंगे।
इसके बाद सभी विपक्षी नेताओं का काफिला मार्च करते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.