बदायूं में PWD की जमीन पर बनी मार्केट पर चला बुलडोजर, 14 दुकानें ध्वस्त

HIGHLIGHTS
- पीडब्ल्यूडी की अनुमति के बिना दुकानों का निर्माण किए जाने की बात सामने आई।
- कार्रवाई के दौरान दातागंज इंस्पेक्टर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
- सहायक अभियंता के अनुसार, दुकानों का निर्माण वर्ष 2005 में कराया गया था।
बदायूं। जिले के दातागंज में पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाई गई दो मंजिला मार्केट पर मंगलवार को बुलडोजर से कार्रवाई की गई। पीडब्ल्यूडी की टीम ने बुलडोजर से मार्केट की 14 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू की दुकान की सीढ़ियों पर भी बुलडोजर चलाया गया।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान दातागंज इंस्पेक्टर भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर तैनात रहे। नगर पालिका दातागंज के ईओ और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि कई साल पहले पीडब्ल्यूडी की जमीन पर इन दुकानों का अवैध रूप से निर्माण कराया गया था। इन दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई के आदेश पहले ही हो चुके थे, लेकिन फोर्स नहीं मिलने के कारण कार्रवाई रुकी हुई थी। मंगलवार को फोर्स उपलब्ध होने के बाद पीडब्ल्यूडी ने दुकानों को ध्वस्त कर दिया।
बसपा नेता आतिफ खां की है मार्केट
सहायक अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि वर्ष 2005 में आतिफ खां ने इन दुकानों का निर्माण कराया था। इसके लिए नगर पालिका से नक्शा बनवाया गया था। नगर पालिका ने नक्शे पर यह दर्ज किया था कि पीडब्ल्यूडी की अनुमति भी जरूरी है और पीडब्ल्यूडी से अनुमति लेने के बाद ही नक्शा मान्य माना जाएगा।
हालांकि, पीडब्ल्यूडी से अनुमति नहीं ली गई थी। आतिफ खां कांग्रेस और सपा में नेता रह चुके हैं। वर्तमान में वह बसपा के मंडल अध्यक्ष हैं। निर्माण के दौरान नोटिस जारी किए गए थे। अब मंगलवार को मार्केट पर बुलडोजर कार्रवाई की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.