बरेली में अतिक्रमण पर गरजा बुलडोजर, रेलवे की जमीन पर अवैध निर्माण ध्वस्त

बरेली के बारादरी इलाके में मंगलवार को रेलवे की भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। ईंट पजाया चौराहे के पास दोपहर करीब 12 बजे रेलवे और आरपीएफ की संयुक्त टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और लंबे समय से बने अवैध निर्माणों को गिराना शुरू कर दिया। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, वहां काबिज लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार श्यामगंज से इज्जतनगर वर्कशॉप तक की जिस पुरानी रेल लाइन पर करीब पांच दशक पहले ट्रेनें चला करती थीं, उसके बंद होने के बाद आसपास की जमीन पर धीरे-धीरे अवैध कब्जे हो गए। इस दौरान श्यामगंज रेलवे स्टेशन और वहां स्थित लकड़ी का डिपो भी अतिक्रमण की चपेट में आ गया। लोगों ने रेलवे की जमीन पर पक्के निर्माण खड़े कर लिए थे।
रेलवे ने पहले ही इन कब्जों की पहचान कर संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी किए थे, लेकिन तय समय के भीतर जमीन खाली नहीं की गई। इसके बाद मजबूरन प्रशासन ने मंगलवार को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि शहर के अन्य इलाकों में भी पूर्वोत्तर रेलवे की जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.