शिवा शर्मा मौत मामले में श्रद्धा दुबे की तलाश, रायबरेली पहुंची लखनऊ पुलिस

HIGHLIGHTS
- लखनऊ पुलिस की टीम सोमवार को श्रद्धा दुबे की तलाश में रायबरेली पहुंची।
- रामजी पुरम स्थित आवास पर श्रद्धा के पिता एसपी दुबे और सौतेली मां से पूछताछ की गई।
- पुलिस ने बंद कमरे में करीब डेढ़ घंटे तक दंपती से जानकारी जुटाई।
रायबरेली। लखनऊ में शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे की तलाश में सोमवार को लखनऊ पुलिस की एक टीम रायबरेली पहुंची। टीम ने रामजी पुरम स्थित श्रद्धा के घर पर उसके पिता एसपी दुबे और सौतेली मां से पूछताछ की।
पुलिस ने बंद कमरे में करीब डेढ़ घंटे तक दंपती से बातचीत कर मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। इस दौरान आसपास के काफी लोग वहां जमा हो गए। स्थानीय लोगों के बीच मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। क्षेत्र के लोगों के मुताबिक, श्रद्धा ने शुरुआती पढ़ाई इसी इलाके में की थी।
श्रद्धा के माता-पिता से बंद कमरे में पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, मामले में श्रद्धा समेत अन्य आरोपितों की तलाश के लिए लखनऊ पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। बताया जा रहा है कि बीते दिनों पुलिस को श्रद्धा की लोकेशन रायबरेली शहर या उसके आसपास होने की आशंका थी। इसी के आधार पर टीम ने उसके माता-पिता से बंद कमरे में पूछताछ की।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही थी कि श्रद्धा की अपने माता-पिता से हाल में मुलाकात हुई थी या उनके बीच किसी तरह का संपर्क हुआ था। इसके जरिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों और गतिविधियों के बारे में जानकारी हासिल करना चाहती थी।
हालांकि, पूछताछ में क्या जानकारी सामने आई और पुलिस ने दंपती से किन बिंदुओं पर सवाल किए, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका कि टीम को कोई अहम जानकारी मिली या नहीं।
करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस टीम के सदस्य बाहर निकले और किसी से बातचीत किए बिना वहां से रवाना हो गए। वहीं, स्थानीय पुलिस ने इस मामले में जानकारी होने से इनकार किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.