सीईओ नवदीप रिणवा ने विशेष मतदाता पंजीकरण बूथों का किया निरीक्षण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शनिवार को चलाए गए विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मौके पर बीएलओ ने उपस्थित नागरिकों को तुरंत फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करने की सुविधा प्रदान की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ के राजाजीपुरम क्षेत्र में बने बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने एमआईएस संस्थान में स्थापित बूथ पर मतदाताओं से बातचीत की और उन्हें वोटिंग प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम जोड़ने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
सीईओ रिणवा ने लखनऊ उत्तर के खुन खुन जी गर्ल्स इंटर कॉलेज चौक, मॉडर्न इंडियन स्कूल एमआईएस चौराहा, और लखनऊ कैंट क्षेत्र के चीफ इंजीनियर कैनाल कालोनी उदयगंज व नारी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, कैसरबाग के बूथों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज करवाएं। साथ ही उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति की मृत्यु या स्थानांतरण होने पर फॉर्म-7 और पता बदलने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
प्रदेश के 1.77 लाख बूथों पर बीएलओ तैनात रहे और उन्होंने मतदाता सूची से हटाए गए नामों को भी प्रदर्शित किया। इस अवसर पर लोगों को फॉर्म-6 भरकर तुरंत नाम जोड़ने की सुविधा दी गई। सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिलाधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी बूथों का औचक निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पूरे प्रदेश में 1.12 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाया।




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.