चेन्नई बनेगा ओलंपिक सिटी, F1 रेस के लिए बनेगा मोटरस्पोर्ट्स शहर; CM विजय का बड़ा ऐलान

HIGHLIGHTS
- चेन्नई में विश्व स्तरीय खेल मैदान और आधुनिक खेल उपकरण विकसित किए जाएंगे।
- ओलंपिक सिटी में उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा।
- खिलाड़ियों के लिए खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा केंद्र भी होंगे।
चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य में खेल के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। सीएम विजय ने चेन्नई को ओलंपिक सिटी बनाने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने फॉर्मूला 1 रेस की मेजबानी के लिए चेन्नई में एक मोटरस्पोर्ट्स सिटी बनाने का भी ऐलान किया है।
दरअसल, गुरुवार को सीएम विजय ने चेन्नई में विश्व स्तरीय ‘तमिलनाडु ओलंपिक शहर’ और फॉर्मूला 1 (F1) रेसों की मेजबानी के लिए एक समर्पित ‘मोटरस्पोर्ट्स शहर’ स्थापित करने की घोषणा की। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में इंटरनेशनल लेवल के एथलीट तैयार करना और पर्यटन व ऑटो निर्माण उद्योग के जरिए आर्थिक विकास को गति देना है।
सीएम विजय ने विधानसभा में कहा कि मोटरस्पोर्ट्स में युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें ट्रेनिंग और रेसिंग के अवसर दिए जाएंगे, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियन बन सकें।
ओलंपिक सिटी में कौन-कौन सी सुविधाएं होंगी?
मुख्यमंत्री विजय ने गुरुवार को विधानसभा में घोषणा की कि उनकी सरकार चेन्नई में विश्व स्तरीय तमिलनाडु ओलंपिक शहर की स्थापना करेगी। ओलंपिक सिटी का विकास तमिलनाडु खेल विकास प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। इसमें विश्व स्तरीय खेल मैदान, अत्याधुनिक खेल उपकरण, एक उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र और समर्पित खेल विज्ञान व खेल चिकित्सा केंद्र होंगे।
इस सुविधा केंद्र में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए आवास सहित आधुनिक बुनियादी ढांचा भी होगा।
ओलंपिक सिटी का उद्देश्य
ओलंपिक सिटी का उद्देश्य एक एकीकृत खेल केंद्र तैयार करना है, ताकि एथलीटों को उन्नत प्रशिक्षण और सहायता सुविधाएं मिल सकें। इससे तमिलनाडु के खिलाड़ियों को ओलंपिक खेलों और अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में अधिक पदक जीतने में मदद मिल सके।
विजय ने कहा, "विश्व स्तरीय, ओलंपिक मानकों के अनुरूप अवसंरचना और आवासीय सुविधा सहित प्रशिक्षण संरचना का निर्माण किया जाएगा। इससे चेन्नई को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करने और ओलंपियन तैयार करने में मदद मिलेगी।"
मोटरस्पोर्ट्स शहर की भी घोषणा
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि चेन्नई में फॉर्मूला 1-4 रेसों की मेजबानी के लिए एक समर्पित मोटरस्पोर्ट्स शहर स्थापित किया जाएगा। फॉर्मूला 1 रेस की मेजबानी के लिए चेन्नई में एक मोटरस्पोर्ट्स शहर भी स्थापित किया जाएगा।
मोटरस्पोर्ट्स में युवाओं की प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियन तैयार करने के लिए प्रशिक्षण और रेसिंग के अवसर दिए जाएंगे। विश्व स्तरीय मोटर वाहन कार रेसिंग मैदानों की स्थापना से पर्यटन, विशेष वाहन निर्माण उद्योगों, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर मिलेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.