एशियाई खेलों में एक कमरे में 2 क्रिकेटरों के ठहरने पर BCCI नाराज, आयोजकों से की अलग कमरा देने की मांग

HIGHLIGHTS
- एशियाई खेलों के लिए भारतीय पुरुष टीम की अगुवाई श्रेयस अय्यर करेंगे।
- पुरुष टीम 21 सितंबर को नागोया पहुंचेगी और 4 अक्टूबर को वापसी करेगी।
- महिला टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी।
नई दिल्ली। एशियाई खेलों के दौरान होटल के एक कमरे में दो क्रिकेटरों को ठहराए जाने की व्यवस्था से बीसीसीआई खुश नहीं है। बीसीसीआई ने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) से आग्रह किया है कि आयोजकों से बात कर एक कमरे में एक क्रिकेटर को ठहराने की व्यवस्था की जाए। IOA ने यह मांग आयोजकों तक पहुंचा दी है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।
सूत्रों के अनुसार, भारतीय क्रिकेटरों के ठहरने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बीसीसीआई की एक टीम जल्द ऐची-नागोया का दौरा करेगी। इसके बाद ही बीसीसीआई यह तय करेगा कि क्रिकेटरों को आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराए गए होटल में ठहरना है या फिर अपने खर्च पर होटल की व्यवस्था करनी है।
बोर्ड ने यह भी फैसला किया है कि एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए हवाई यात्रा का खर्च वह खेल मंत्रालय से नहीं लेगा। बीसीसीआई अपने खर्च पर क्रिकेटरों को बिजनेस क्लास में जापान भेजेगा।
इकोनॉमी क्लास से जाते हैं खिलाड़ी
इस बार एशियाई खेलों में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में मुख्य टीम भेजी जा रही है, जिसमें जसप्रीत बुमराह और अभिषेक शर्मा जैसे क्रिकेटर शामिल हैं। बीसीसीआई आमतौर पर क्रिकेटरों को बिजनेस क्लास या चार्टर्ड फ्लाइट से यात्रा कराता है।
वहीं, खेल मंत्रालय भारतीय दल के लिए खिलाड़ियों की यात्रा का खर्च उठाते हुए उन्हें इकोनॉमी क्लास में यात्रा कराता है। सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीआई ने IOA से कहा है कि वह क्रिकेटरों की यात्रा का खर्च खुद उठाएगा।
IOA ने 50 क्रिकेटरों और सपोर्ट स्टाफ पर 2 करोड़ 34 लाख रुपये का खर्च तय किया था। इसमें यात्रा, दैनिक भत्ता और सेरिमोनियल-प्लेइंग किट का खर्च शामिल है।
महिला टीम को अलग होटल में ठहराया जाएगा
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली महिला टीम को 14 सितंबर को नागोया पहुंचना है, जबकि उनकी वापसी 23 सितंबर को होगी। पुरुष टीम 21 सितंबर को पहुंचेगी और 4 अक्टूबर को वापस लौटेगी।
पुरुष टीम को नागोया के एपीए होटल और महिला टीम को मेइतेत्सु ग्रांड होटल में ठहराया जा रहा है। आयोजकों ने एक कमरे में दो क्रिकेटरों को ठहराने की व्यवस्था की है।
सूत्रों के मुताबिक, आयोजकों ने कुछ दिन पहले एशियाड में आने वाले सभी देशों को बताया था कि उनकी ओर से 15 हजार खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन यह संख्या बढ़कर 17 हजार हो चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीसीसीआई की मांग पूरी नहीं हो पाएगी।
स्टार खिलाड़ी भी गेम्स विलेज में रुकते हैं
इस बार एशियाई खेलों में गेम्स विलेज जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए क्रूज शिप, कंटेनरों के अलावा होटलों का इंतजाम किया गया है।
हालांकि, ओलंपिक जैसे आयोजनों में नोवाक जोकोविच, राफेल नडाल और मैजिक जॉनसन जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे सभी खिलाड़ियों के साथ गेम्स विलेज में ठहरने को प्राथमिकता देते रहे हैं।
अब देखना होगा कि बीसीसीआई आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराए गए होटल में क्रिकेटरों को ठहराता है या फिर अपने स्तर पर उनके लिए होटल की व्यवस्था करता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.