मुजफ्फरनगर में पुलिस परिवारों के बच्चों को मिला करियर मार्गदर्शन, विशेषज्ञों ने दिए सफलता के टिप्स

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में पुलिस परिवारों के बच्चों के लिए करियर काउंसलिंग आयोजित हुई।
- 200 से अधिक बच्चों और अभिभावकों ने विशेषज्ञों से करियर संबंधी जानकारी ली।
- बच्चों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की योजना को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।
मुजफ्फरनगर। पुलिस परिवारों के बच्चों को करियर और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तहत करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 2 बजे से शाम करीब 4 बजे तक चले इस कार्यक्रम में 200 से अधिक पुलिस परिवारों के बच्चों और अभिभावकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वामा सारथी मुजफ्फरनगर की अध्यक्षा और SSP संजय कुमार वर्मा की पत्नी डॉ. नीलम राय रहीं। उन्होंने कहा कि बच्चों को समय पर उचित मार्गदर्शन मिलने से उनके भविष्य को सही दिशा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय करने तथा अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आकाश इंस्टीट्यूट और रिजोनेंस इंस्टीट्यूट के करियर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, कौशल विकास तथा रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी योग्यता और रुचि के आधार पर करियर चयन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
इस दौरान डॉ. सुनील पवार ने बच्चों को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच सफलता हासिल करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों ने विशेषज्ञों से कई सवाल पूछे, जिनका उन्हें विस्तार से जवाब दिया गया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने में मदद करते हैं।
इस अवसर पर SP क्राइम इन्दु सिद्धार्थ, पीसीएस अधिकारी आकाश कुमार, रोहित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, करियर काउंसलर, पुलिस परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.