बांकीपुर उपचुनाव: नीतीश कुमार ने नेताओं संग की बैठक, चुनावी तैयारियों का लिया फीडबैक

HIGHLIGHTS
- नीतीश कुमार ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर जदयू नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
- उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
- जदयू नेताओं ने एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत का भरोसा जताया।
पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को पटना स्थित अपने आवास पर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने चुनावी अभियान की स्थिति और तैयारियों का फीडबैक लिया।
नीतीश कुमार ने नेताओं को निर्देश दिया कि वे कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में नीतीश कुमार ने चुनावी गतिविधियों, संगठनात्मक तैयारियों और जनसंपर्क अभियान की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी नेताओं से कहा कि चुनाव प्रचार के अंतिम समय तक और ईवीएम सील होने तक पूरी सक्रियता, समर्पण और संगठन की मजबूती के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता तक एनडीए सरकार की विकासपरक सोच, सुशासन, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के संकल्प को पहुंचाना जरूरी है।
इस बैठक में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, जमा खान, सुनील कुमार, विधान परिषद में पार्टी के उपनेता ललन सर्राफ, विधायक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के जदयू प्रभारी अरुण मांझी तथा इरशाद अली आजाद मौजूद रहे।
चुनावी अभियान का लिया फीडबैक
नीतीश कुमार ने सभी नेताओं से अलग-अलग चर्चा कर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे चुनाव प्रचार, संगठन की सक्रियता, जनसंपर्क कार्यक्रमों, मतदाताओं के रुझान और स्थानीय स्तर पर मिल रहे समर्थन की जानकारी ली।
उन्होंने प्रचार अभियान के दौरान जनता से मिले सुझावों और फीडबैक को भी सुना। साथ ही चुनाव अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
नेताओं ने जताया जीत का भरोसा
बैठक में मौजूद नेताओं ने क्षेत्र में चल रहे प्रचार अभियान, जनसंपर्क और विभिन्न सामाजिक वर्गों से मिल रहे समर्थन की जानकारी नीतीश कुमार को दी।
सभी नेताओं ने विश्वास जताया कि एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और वह चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेंगे।
बैठक में चुनावी रणनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही आने वाले दिनों में प्रचार अभियान को और व्यापक बनाने, सभी वर्गों तक पहुंच बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों से चुनावी अभियान को गति देने पर जोर दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.