सीएम योगी ने दिखाई अयोध्या की पुरानी और नई तस्वीर, बोले- विकास का नया अध्याय लिख रही रामनगरी

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अयोध्या की दो अलग-अलग तस्वीरें साझा कीं।
- श्रद्धालुओं की सुविधाओं में हुए बदलावों का उल्लेख किया।
- पर्यटन बढ़ने से स्थानीय कारोबार को मिल रही मजबूती।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास को लेकर पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने अयोध्या की प्राचीन और मौजूदा तस्वीर साझा की। सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रभु श्रीराम की नगरी उपेक्षा, अव्यवस्था और तुष्टीकरण का तेजाबी दंश झेलने को मजबूर थी। अब वही अयोध्या अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए विकास की नई कहानी लिख रही है।
योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में अयोध्या को सभ्यता की जन्मभूमि, संस्कृति की प्राणधारा और आस्था की शाश्वत ज्योति बताया। उन्होंने कहा कि पहले श्रद्धालुओं को यहां पहुंचने और यात्रा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नगर की व्यवस्थाएं जर्जर थीं और स्थानीय परिवारों के सामने विकास की संभावनाएं भी सीमित थीं।
राम मंदिर से एयरपोर्ट तक, अयोध्या में विकास कार्यों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या की प्राचीन गरिमा को आधुनिक विकास के नए आयाम मिले हैं। भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, रामपथ, धर्मपथ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आधुनिक रेलवे स्टेशन जैसे निर्माण कार्यों से श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ी हैं। साथ ही रामनगरी के गौरव में भी वृद्धि हुई है।
सीएम योगी के मुताबिक, विकास का असर अब अयोध्या के स्थानीय निवासियों के घरों तक पहुंच रहा है। पर्यटन में बढ़ोतरी से स्थानीय कारोबार को मजबूती मिल रही है। नए अवसरों के जरिए युवाओं को रोजगार से जुड़ने का मौका मिल रहा है और स्थानीय परिवारों के लिए समृद्धि की नई उम्मीदें पैदा हो रही हैं।
सांस्कृतिक विरासत के साथ प्रगति की राह पर अयोध्या
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस अयोध्या को पहले विकास का इंतजार था, वह आज अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ आगे बढ़ रही है। असंख्य सनातनियों की आस्था, अस्मिता और आराधना का केंद्र यह नगरी अब 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने अयोध्या को सांस्कृतिक चेतना और समृद्धि का उज्ज्वल प्रतीक बताते हुए कहा कि यहां की प्राचीन पहचान को आधुनिक विकास के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.