इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के मैच में स्कूटर लेकर मैदान में घुसा शख्स, खेल रुका

HIGHLIGHTS
- घटना पहले दिन का खेल समाप्त होने से कुछ समय पहले हुई।
- ब्रेट रैंडल 83वां ओवर डाल रहे थे, तभी आकाशदीप ने गेंद खेलने से मना किया।
- स्कूटर सवार को देखकर स्लिप में खड़े खिलाड़ी हंसने लगे।
नई दिल्ली। क्राइस्टचर्च में इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच खेले जा रहे दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच के दौरान एक अजीब घटना हुई। छोटे स्कूटर पर सवार एक शख्स मैदान में घुस आया, जिसके चलते मैच कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।
यह घटना पहले दिन का खेल खत्म होने से कुछ समय पहले हुई। उस वक्त भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही थी। मैदान पर हुई इस घटना को देखकर खिलाड़ियों और दर्शकों की हंसी छूट गई और अंपायर को खेल रोकना पड़ा।
बल्लेबाज के सामने पहुंचा स्कूटर सवार
भारत की ओर से आकाशदीप क्रीज पर थे और दूसरे छोर पर ध्रुव जुरैल बल्लेबाजी कर रहे थे। ब्रेट रैंडल 83वां ओवर डाल रहे थे। वह पांचवीं गेंद फेंकने के लिए दौड़े, तभी आकाशदीप पीछे हट गए और उन्होंने साइट स्क्रीन की ओर इशारा किया।
वहां एक शख्स छोटे स्कूटर पर बाउंड्री के पीछे से निकलता दिखाई दिया। उसे देखकर मैदान पर मौजूद लोग हैरान रह गए। स्लिप में खड़े फील्डर हंसने लगे और स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी इस नजारे पर हंस पड़े। इसके बाद स्कूटर सवार एक पेड़ के नीचे जाकर रुक गया।
ध्रुव जुरैल ने जड़ा शतक
मैच में इंडिया-ए की ओर से ध्रुव जुरैल ने 105 रन की पारी खेली। उन्होंने 171 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और तीन छक्के लगाए। मुश्किल समय में खेली गई इस पारी में आकाशदीप ने भी उनका अच्छा साथ दिया। आकाशदीप ने 116 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए।
दोनों बल्लेबाजों की पारियों के दम पर इंडिया-ए ने 346 रन बनाए। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड-ए ने तीन विकेट के नुकसान पर 218 रन बना लिए थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.