शीतलहर का प्रकोप, यूपी के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। मकर संक्रांति के दिन भले ही धूप निकली, लेकिन वातावरण में नमी और तेज हवाओं के कारण गलन कम नहीं हुई। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
बिजनौर, बरेली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में कक्षा आठ तक के सभी स्कूल दो दिनों के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं पीलीभीत जिले में हालात को देखते हुए कक्षा 12 तक के स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। कुछ जिलों में 17 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे, जबकि 18 जनवरी को रविवार होने के कारण साप्ताहिक अवकाश रहेगा। ऐसे में मौसम सामान्य रहने पर अब स्कूल सीधे 19 जनवरी से खुलेंगे।
बिजनौर में विशेष रूप से केवल शुक्रवार को कक्षा आठ तक के स्कूल बंद रहेंगे, जिससे छात्रों को लगातार तीन दिन का अवकाश मिलेगा। जिलाधिकारी के आदेश को बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने सभी स्कूलों तक पहुंचा दिया है। आदेश का पालन न करने वाले विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पीलीभीत में छात्रों को राहत, शिक्षकों को रहना होगा उपस्थित
पीलीभीत के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शीतलहर को ध्यान में रखते हुए 16 और 17 जनवरी को कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों सहित सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यह छुट्टी केवल छात्रों के लिए होगी, जबकि शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय कार्य करेंगे। आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ में 16 जनवरी से खुलेंगे प्राइमरी स्कूल
राजधानी लखनऊ में शीतकालीन अवकाश के बाद प्राइमरी स्कूल शुक्रवार 16 जनवरी से फिर खुलेंगे। स्कूलों का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्राइमरी स्कूल 28 दिसंबर से बंद थे, जिनमें 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक का शीतकालीन अवकाश शामिल रहा। बच्चों की द्वितीय सत्र की परीक्षाएं 24 जनवरी से शुरू होंगी, वहीं इसी माह निपुण असेसमेंट भी आयोजित किया जाएगा।
शाहजहांपुर में स्कूलों का समय बदला
शाहजहांपुर में ठंड और कोहरे के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अब स्कूल सुबह 10 बजे से संचालित होंगे। यह आदेश जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार द्वारा जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से अगले दो दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिजनौर में एक दिन का अवकाश
बिजनौर में अत्यधिक ठंड और कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बताया कि अवकाश के दौरान शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.